जनसेवा: स्वास्थ्य शिविर में डॉ आरपीएस नेगी ने की 146 बच्चों की मुफ्त जांच, अभिभावकों को दी खान-पान संबंधी सलाह
(सांकेतिक फोटो)
हल्द्वानी। यहां आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 146 बच्चों के स्वास्थ्य की निःशुल्क जांच की गई। इस मौके पर चिकित्सकों ने अभिभावकों को बच्चों के खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए जरूरी टिप्स भी दिए।
कल्याण मेडिकोज की ओर से जगदंबानगर के पदमा विहार स्थित स्कूल में बच्चों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के पूर्व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.आरपीएस नेगी ने 146 बच्चों का स्वास्थ्य जांचा। शिविर में सुबह से ही तमाम अभिभावक बच्चों को लेकर पहुंचने लगे थे। इस दौरान अधिकांश अभिभावकों ने बताया कि पूर्व में ऑनलाइन क्लास के कारण बच्चे अत्यधिक मोबाइल देखने लगे हैं। साथ ही चिप्स, चॉकलेट इत्यादि का भी अत्यधिक सेवन करते हैं। अभिभावकों ने बच्चों को भूख न लगना, कमजोरी रहना, पेट साफ न होना, आंखों की कमजोरी आदि समस्याएं भी बताईं। डॉ.नेगी ने बताया कि आज के समय में बदलती जीवनशैली, माता-पिता के तनाव, घर के बड़े-बुजुर्ग के मोबाइल के अत्यधिक प्रयोग का असर भी बच्चों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों की जिद के सामने बिल्कुल भी न झुकें। उन्होंने बच्चों की सेहत की टिप्स देते हुए कहा कि जंक फूड से दूर रहे और मौसमी फलों के साथ ही हरी सजियों का अधिक सेवन करें। डॉ.नेगी ने साफ किया कि डॉक्टर की सलाह के बिना बच्चों की आंखों में किसी भी तरह की ड्राप न डालें। शिविर में स्कूल की प्रबंधक ऋतु उप्रेती, प्रधानाचार्य रेणुका पांडे, समाजसेवी सौरभ भट्ट आदि ने सहयोग किया। इस मौके पर नेहा जोशी, ज्योति मेहरा, गरिमा बिष्ट, मीनाक्षी चौधरी, सोनिका सिंह आदि मौजूद रहे।

