जनसेवा: उप जिला अस्पताल को भेंट की नई एंबुलेंस,ओएनजीसीव जनकल्याण ट्रस्ट का सहयोग
विकासनगर। ओएनजीसी और जनकल्याण ट्रस्ट के सहयोग से उप जिला अस्पताल विकासनगर को एंबुलेंस भेंट की गई। शुक्रवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने अस्पताल प्रबंधन को एंबुलेंस की चाबी सौंपते हुए इसे मरीजों की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र का सबसे बड़ा स्वास्थ्य केंद्र है। एंबुलेंस सेवा उपलब्ध होने से मरीजों को आपात स्थिति में त्वरित उपचार का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल को नई एंबुलेंस मिलने से यहां से अन्य अस्पतालों को रेफर किए जाने वाले मरीजों को बड़ा लाभ मिल सकेगा। उन्होंने इसके लिए ओएनजीसी और जनकल्याण ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग व उप जिला अस्पताल प्रशासन आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए वचनबद्ध है। अस्पताल में मरीजों के लिए कई सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। अधिकांश जांचे अस्पताल में ही होने से मरीजों का तत्काल उपचार मिल रहा है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल, प्रदेश कांग्रेस के सचिव विकास शर्मा, संजय जैन, सरदार बलजीत सिंह, रिंकू कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।

