निर्मम: जंगल में युवक की गला रेतकर हत्या, मृतक ने दो साल पहले किया था प्रेम विवाह

निर्मम: जंगल में युवक की गला रेतकर हत्या, मृतक ने दो साल पहले किया था प्रेम विवाह
Spread the love

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जिले के सीमांत में सुरई रेंज के जंगल में युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। साथ ही उसकी बाइक को साइफन नहर में फेंक दिया गया। मामले में मृतक के भाई ने गांव के एक युवक को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुरई रेंज के जंगल में साइफन के पास सोमवार को एक युवक का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह भंडारी, कोतवाल नरेश चौहान, एसएसआई देवेंद्र गौरव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव की शिनाख्त जमौर गांव निवासी 30 वर्षीय मो.आरिफ पुत्र अब्दुल करीम के रूप में हुई। उसका गला रेतकर हत्या की गई थी। इससे स्वजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर आ पहुंचे। मृतक राजमिस्त्री का काम करता था। परिवार में उसके दो भाई हैं। दूसरा भाई भी राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि सबसे छोटा भाई वन विभाग में तैनात है। इस मामले में मृतक के छोटे भाई राशिद ने गांव के एक युवक पर हत्या की आशंका जताते हुए नामजद तहरीर पुलिस को दी है, जिसमें उसने कहा कि सबसे छोटे भाई ताहिर ने 2020 में गांव में ही प्रेम विवाह किया था। इसको लेकर गांव का ही एक युवक भाई से रंजिश रखने लगा। आरोपित युवक और उसके भाई के बीच दोस्ती भी थी। रविवार रात को आरोपित युवक व उसका भाई पल्सर बाइक से साथ गए थे, परंतु देर रात तक उसका भाई घर नहीं पहुंचा। सोमवार को उसका शव साइफन नहर के पास बरामद हुआ। आरोपितों ने उसकी हत्या कर बाइक भी नहर में फेंक दी। कोतवाल नरेश चौहान ने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। इसको लेकर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

Parvatanchal