गौरव: हरिद्वार में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात सुरजीत सिंह पंवार को किया गया सम्मानित
उत्तरकाशी। राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज में पूर्व छात्र रहे हरिद्वार पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार को गौरवशाली छात्र के रूप में सम्मानित किया गया। साथ ही उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और छात्राओं के साथ पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य लोकेंद्र सिंह परमार ने पुलिस अधीक्षक को विद्यालय पत्रिका कीर्ति स्मारिका से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सुरजीत पंवार 1992 में राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट के छात्र रहे। साथ ही विद्यालय के छात्र के रूप में पार्लियामेंट क्विज में राष्ट्रीय स्तर तक भी प्रतिभाग किया था। पुलिस अधीक्षक पंवार ने एनसीसी कैडेट्स के साथ अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन में रहकर ज्ञानोपयोगी विभिन्न पत्र पत्रिकाओं का अध्ययन करने की आदत विकसित होनी चाहिए। इस मौके पर शिक्षक शैलेंद्र नौटियाल, दीपेंद्र सिंह पंवार, अतोल सिंह महर, प्रभाकर सेमवाल, गिरीश सिंह असवाल, उपेंद्र सिंह भंडारी आदि मौजूद रहे।

