गुलमर्ग की बर्फीली पिच पर जोश दिखाएंगे हिमाचल के 53 खिलाड़ी

गुलमर्ग की बर्फीली पिच पर जोश दिखाएंगे हिमाचल के 53 खिलाड़ी
Spread the love

स्कीइंग के लिए सबसे बेहतर डेस्टिनेशन माना जाने वाला गुलमर्ग सोमवार 23 फरवरी से खेलो इंडिया विंटर गेम्स के छठे संस्करण की मेजबानी करने जा रहा है. इसमें भारतीय सेना और हिमाचल सहित जम्मू कश्मीर लद्दाख और उत्तराखंड से 339 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की बात करें तो प्रदेश के 53 खिलाड़ी भाग लेंगे जिनमें 21 महिला और 32 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। वर्ष 2023 से अपने विजयी सफर की शुरुआत करने वाले हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों पर इस बार विशेष रूप से सबकी निगाहें रहेंगी। दरअसल वर्ष 2023 में हिमाचल की टीम ने 10 स्वर्ण, 14 रजत और 7 कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया और विंटर स्पोर्ट्स के पुराने दिगजजों को कड़ी टक्कर देते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया था। यह वह क्षण था जब हिमाचल के एथलीटों को केवल प्रतिभागियों के रूप में नहीं बल्कि राष्ट्रीय दावेदारों के रूप में देखा जाने लगा। वहीं वर्ष 2024 के संस्करण में हिमाचल प्रदेश ने 5 स्वर्ण, 4 रजत और 6 कांस्य सहित 15 पदक जीते और राष्ट्रीय तालिका में दूसरे स्थान पर रहा था।

वहीं साल 2025 के खेलों में हिमाचल प्रदेश का सबसे निर्णायक रूप देखने को मिला। विभिन्न खेलों में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर राज्य ने 6 गोल्ड 5 सिल्वर और 7 ब्रोंज मेडल हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ हिमाचल ने पदक तालिका में भारतीय सेना जैसी दिग्गज टीम की बराबरी करते हुए संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल कर सबको चौंका दिया था। 2020 के पहले कदम से लेकर 2025 में मेडल लीडर्स के बीच अपनी धाक जमाने तक हिमाचल की यह कामयाबी किसी सामान्य चढ़ाई की तरह नहीं, बल्कि एक पहाड़ी स्प्रिंट की तरह रही है जिसने धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ी है। अब जबकि 2026 के खेलों का गुलमर्ग चरण शुरू होने जा रहा है तो इस पहाड़ी राज्य के बर्फीले योद्धा निश्चित रूप से देखने लायक होंगे। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया इवेंट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के अवसर पर जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की बात कही जा रही है ।

Parvatanchal