दुखद: चार साल की बच्ची का अधखाया शव बरामद, बीती शाम आंगन से उठा ले गया था गुलदार
पिथौरागढ। बेरीनाग विकासखण्ड के चचरेत ग्राम पंचायत में आंगन में खेल रही जिस चार साल की बच्ची को गुलदार उठा ले गया था, उसका शव पुलिस व वन विभाग द्वारा घर से 200 मीटर दूर जंगल से बरामद कर लिया गया है। अब वन विभाग द्वारा क्षेत्र में पिंजरा लगाये जाने की बात कही जा रही है, जबकि एक वर्ष पहले भी इसी गांव से गुलदार एक बच्ची को अपना निवाला बना चुका है।
बता दें कि बीती शाम लगभग सात बजे ग्राम पंचायत चचरेत के कलेत तोक में शंकर दत्त और हेमा देवी की चार साल की बच्ची अपने आंगन में खेल रही थी। इस दौरान गुलदार ने उस पर हमला बोल दिया। माता पिता जब तक कुछ समझ पाते गुलदार बच्ची को जबड़ों में उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। अचानक हुए हमले से घबराये माता पिता शोर मचाते हुए जंगल की ओर भागे लेकिन अंधेरा व बारिश होने की वजह से गुलदार व बच्ची का कहीं पता नहीं चला। हो हल्ला सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे व मामले की जानकारी वन विभाग तथा पुलिस को दी गयी। इस पर वन विभाग व पुलिस की टीमों द्वारा मौके पर पहुंच कर बच्ची की तलाश शुरू की गयी लेकिन देर रात तक बच्ची का कहीं पता नहीं चल सका। आज सुबह एक बार फिर वन विभाग व पुलिस की टीमों द्वारा जब बच्ची की खोजबीन शुरू की गयी तो बच्ची का अधखाया शव घर से दो सौ मीटर की दूरी में जगंल में बरामद हुआ। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पिंजरा लगाया जायेगा, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि एक वर्ष पूर्व भी गुलदार क्षेत्र में एक बच्ची को अपना निवाला बना चुका है। बहरहाल, इलाक़े के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

