शिकंजा: युवती को भगाने के साथ-साथ स्कूटी भी चुरा ले गया, पुलिस ने यूपी से धर दबोचा

शिकंजा: युवती को भगाने के साथ-साथ स्कूटी भी चुरा ले गया, पुलिस ने यूपी से धर दबोचा
Spread the love

चम्पावत। लोहाघाट क्षेत्र से 21 वर्षीय लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के साथ ही स्कूटी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने वृन्दावन, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से अपहृत लड़की तथा चुरायी गयी स्कूटी भी बरामद की गयी है।
जानकारी के अनुसार, बीते 4 सितम्बर को थाना लोहाघाट क्षेत्रान्तर्गत 21 वर्षीय युवती घर से बिना बताये कहीं चली गयी थी। लड़की के परिजनों द्वारा काफी ढूंढखोज करने के उपरान्त भी जब उसका कहीं पता नहीं चला तो परिजनों द्वारा थाना लोहाघाट में उसकी सूचना दर्ज करायी गयी। वहीं दूसरी ओर 4 सितम्बर को ही थाना लोहाघाट में अमित जोशी पुत्र भैरव दत्त जोशी, निवासी गैस गोदाम रोड, लोहाघाट द्वारा सूचना दी गयी कि उनकी स्कूटी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चुरा ली गयी है। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान सामने आया कि दोनों ही घटनाएं आसिफ खान पुत्र सुल्तान खान, उम्र 34 वर्ष, निवासी मौहल्ला सुल्तानपुरी, किरारी सुलेमाननगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली द्वारा अंजाम दी गयी हैं। उसे पुलिस ने बीती देर शाम कड़ी मशक्कत के बाद वृन्दावन, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पास से अपहृत लड़की भी बरामद हुई है। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके बैग से एक दोपहिया वाहन की चाबी, आधार कार्ड तथा ड्राईविंग लाइसेन्स जिसमें उसका नाम पता अंकित था बरामद हुआ। दोपहिया वाहन की चाबी के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसके द्वारा एक स्कूटी लोहाघाट गैस गोदाम क्षेत्र से चोरी की गयी थी। जिसे उसने खूना बोरा रोडवेज स्टैण्ड के पास झाडियों में छुपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्कूटी भी बरामद कर ली है। वहीं पूछताछ में अपहृत लड़की द्वारा बताया गया कि आरोपी द्वारा अपना सही नाम पता छुपाकर, शादी का झूठा प्रलोभन देकर तथा बहला फुसला कर उसे अपने साथ वृंदावन, मथुरा ले गया था।

Parvatanchal