गड़बड़झाला: दून मेडिकल कॉलेज में कम्प्यूटर के टेंडर में गड़बड़ी के आरोप, निदेशालय कराएगा जांच
देहरादून(आरएनएस)। दून मेडिकल कॉलेज में कंप्यूटर एवं संबंधित उपकरणों का टेंडर फिर सवालों के घेरे में आ गया है। शिवम ट्रेडर्स के प्रबंधक की ओर से नियमों का पालन नहीं करने एवं अनुभव शर्तों का उल्लंघन कर एक एजेंसी को लाभ दिए जाने का आरोप लगा निदेशक से शिकायत की है। इसमें अफसरों एवं कर्मचारियों पर भी आरोप लगाए गए हैं। निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना का कहना है कि निदेशालय स्तर पर जांच कमेटी गठित कर जांच कराई जाएगी।
दून अस्पताल में शराब-जुए की शिकायत:
दून अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के एक विभाग में शाम के समय कुछ कर्मचारियों एवं बाहरी लोगों द्वारा शराब पीने एवं जुआ खेलने की शिकायत हुई है। सहारनपुर रोड के संजय कुमार की शिकायत पर एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने डीएमएस डॉ. विनम्र मित्तल की कमेटी को जांच दी है। कमेटी ने विभाग में पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, संबंधितों से जवाब मांगा गया है।
कर्मचारी पर आरोपों की शासन से जांच: दून अस्पताल के एक अहम विभाग के एक कर्मचारी की शासन में कई गंभीर आरोप लगा शिकायत की गई है। शासन से निदेशालय एवं निदेशालय से कॉलेज आदेश आने पर जांच शुरू कर दी गई है। प्राचार्य डॉ. गीता जैन के स्तर पर इसकी कमेटी गठित की जा रही है।

