खुलासा: पुलिस ने किया पर्स व मोबाइल लूट का खुलासा, एमबीए पास युवक गिरफ्तार

खुलासा: पुलिस ने किया पर्स व मोबाइल लूट का खुलासा, एमबीए पास युवक गिरफ्तार
Spread the love

 

देहरादून। पुलिस ने पर्स लूट में एमबीए पास युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट का मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आज यहां इसकी जानकारी देते हुए डीआईजी/एसएसपी दलीप सिंह कुवर ने बताया कि तीन जुलाई को थाना डालनवाला पर रजनी जोशी पत्नी अभय जोशी, निवासी जागृति एन्क्लेव, सहस्त्रधारा रोड, जनपद देहरादून द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया कि स्कूटी पर सवार एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे धक्का देकर उसका पर्स छीन लिया है , जिसमें 40,000 नगद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड एसबीआई, पीएनबी, ऑफिस आईडी कार्ड, घर की चाबी, हेल्थ कार्ड व डीएल थे । पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक डालनवाला द्वारा थाना स्तर पर टीम गठित की गयी। टीम द्वारा घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरों व संकलित साक्ष्यों का निरीक्षण किया गया। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन से पुलिस को संदिग्ध व्यक्ति के हुलिये के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। जानकारी करने पर एक नाम प्रकाश में आया, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी गई तथा गत रात्रि में चैकिंग के दौरान दिलाराम से आगे न्यू कैन्ट रोड पर स्कूटी के साथ उक्त संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पकड़े गये व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम मयंक आहूजा पुत्र सुभाष चन्द आहूजा, निवासी राजेन्द्र नगर, थाना कैन्ट, देहरादून बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से तीन मोबाइल फोन अलग-अलग कम्पनी के तथा एक पर्स, जिसके अन्दर आरसी, पेनकार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड व 870 रुपये नगद बरामद हुये। सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा राजपुर रोड पर एक महिला से पर्स छीनना तथा मोबाइल फोन का उक्त घटना से सम्बन्धित होना बताया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने सिक्किम मनीपाल यूनिर्वसिटी से ऑनलाइन एमबीए किया है। उसके पिताजी का देहांत वर्ष 2006 में हो गया था। वर्तमान में उसके घर में वह और उसकी माता रहती हैं। वर्ष 2021में उसकी शादी हुई थी पर शादी के 04 माह बाद से ही परिवारिक मतभेद के कारण उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही है तथा उसपर तलाक का केस कर दिया है। आर्थिक तंगी के चलते उसने पर्स लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Parvatanchal