खुलासाः हत्या के आरोप में दो सगे भाई गिरफ्तार, मां की गाली देने पर कर दिया था युवक का कत्ल

खुलासाः हत्या के आरोप में दो सगे भाई गिरफ्तार, मां की गाली देने पर कर दिया था युवक का कत्ल
Spread the love

 

नैनीताल। रामनगर में हुई हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो सगे भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से मृतक के कपड़े, मोबाइल, टार्च, लोहे की राॅड भी बरामद की गयी है। आरोपियों के अनुसार, मृतक द्वारा उनकी मां को गाली दी गयी थी। इसके विरोध में उन्होंने उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था।
जानकारी के अनुसार, बीती 8 अक्टूबर को मृतक गोविन्द सिंह फर्त्याल पुत्र भूपाल सिंह फर्त्याल, निवासी किशनपुर छोई का शव ग्राम किशनपुर छोई में पनचक्की के पास नहर से बरामद किया गया था। मृतक के शरीर पर कपड़े नहीं थे तथा शरीर पर जगह जगह चोटों के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया मृतक की हत्या की आशंका जताई जा रही थी। मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र सौरभ सिंह फर्त्याल की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक गोविन्द सिंह फर्त्याल के खेत से कुछ दिन पहले किसी ने पेड़ काट दिए थे। मृतक को शक था कि उसके खेत से पेड़ कुन्दन सिंह के भाई संतोष उर्फ सोढ़ी तथा उसके साथियों ने काटे हैं। इस बात से मृतक काफी नाराज था तथा वह 7 अक्टूबर को कुन्दन सिंह के घर गया जहां उसकी कुन्दन सिंह से काफी बहस हुयी थी। इस पर पुलिस ने कुन्दन सिंह के घर पर दबिश दी लेकिन वह फरार था। इस बीच पुलिस को पता चला कि कुन्दन सिंह नया कोशी पुल हल्द्वानी बस अड्डे पर है तथा कहीं भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने दबिश देकर उसे दबोच लिया। पूछताछ में कुन्दन सिंह ने बताया कि गोविन्द फर्त्याल के खेत से कुछ दिन पहले किसी ने पेड़ काट दिए थे जिसका शक वे गांव के लड़कों पर ही कर रहे थे। वह जिन लोगों पर शक कर रहे थे, उनमें आरोपी का भाई संतोष उर्फ सोडी भी था। आरोपी ने बताया कि वह 7 अक्टूबर को अपने घर पहुंचा तो उसके घर की छत पर गोविन्द सिंह फर्त्याल मौजूद था तथा अपमानजनक बातें करते हुए अपने कटे पेड़ों के पैसे मांग रहा था। आरोपी ने उससे गाली गलौज न करने को कहा पर वह नहीं माना तथा उसके सामने ही उसकी माँ से गाली गलोज करने लगा। इस पर गुस्से में आकर आरोपी ने उसे छत से धक्का दे दिया। इससे उसे चोट लग गयी और वह फिर गाली गलौज करने लगा। इसी बीच आरोपी का छोटा भाई भोपाल सिंह उर्फ घन्नु जो कि भतरोंजखान होटल में काम करता है, वह भी घर आ गया था। उसने भी मां को गाली देते सुना तो वह भी गुस्से में आ गया और फिर दोनों भाईयों ने गोविन्द सिंह फर्त्याल की पीट पीट कर हत्या कर दी तथा उसे घसीटते हुए नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने इसके बाद घटना में शामिल दूसरे आरोपी भोपाल सिंह उर्फ घन्नू को भी रोजवेज बस अड्डा रामनगर से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस द्वारा मृतक के कपड़े , मोबाइल , टार्च व लोहे का पाइप भी बरामद किया गया है।

Parvatanchal