खा़स खबर: शहीद पुलिस जवान सुमित नेगी को ग्यारहवीं पुण्य तिथि पर दी गयी श्रद्धांजलि
सुनिता नेगी की बहादुरी और बलिदान का किया गया स्मरण
रुड़की। प्राणों की बाजी लगाकर बैंक लुटेरों से लोहा लेते हुए शहीद हुए उत्तराखंड पुलिस के बहादुर जवान शहीद सुनीत नेगी की ग्यारहवीं पुण्यतिथि पर यहां एक कार्यक्रम में उनके बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। निर्बल, निर्धन, विधिक सहायता समिति द्वारा बलिदानी सुमित नेगी की स्मृति में यज्ञ का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर पहुंचे सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत जिले के कई गणमान्य लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही पुलिस के अधिकारियों ने भी उनके बलिदान को याद किया।
गौरतलब है कि 2013 में बैंक डकैती के दौरान बदमाशों से लोहा लेते हुए गंगनहर कोतवाली में तैनात सुनीत नेगी के बदमाशों की गोली लगने से प्राण चले गए थे। उनकी पुण्य तिथि के अवसर पर निर्बल निर्धन प्रकोष्ठ प्रतिवर्ष उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और हवन के साथ हुई। कार्यक्रम में पहुंचे हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कर्तव्य की वेदी पर सुनीत नेगी ने सर्वोच्च बलिदान किया है। वे भले ही शारीरिक रूप से उपस्थित न हों, लेकिन उनकी ओर से किए गए अदम्य साहस के कार्य आज सभी के बीच में है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शहीदों के कारण आज हमारा समाज सुरक्षित है। समिति के अध्यक्ष राजेश रस्तोगी ने कहा कि सुनीत नेगी के त्याग एवं बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है,वह पुलिस के अन्य जवानों के भी प्रेरणास्त्रोत हैं। विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि उनकी वीरता अपने आपमें बड़ी मिशाल है और अन्य जवानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा सुनित नेगी जैसे जवानों के कारण आज उत्तराखंड पुलिस का मान बढ़ा हुआ है। एसपी देहात एसके सिंह ने कहा सुनित नेगी उत्तराखंड पुलिस के गौरव हैं और हमेशा रहेंगे।
निर्बल निधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेश रस्तोगी ने कहा कि सुनित नेगी को हमेशा याद किया जाएगा उनकी कुर्बानी इस देश और समाज पर एक ऐसा ऋण है जो कभी उतारा नहीं जा सकता। कार्यक्रम में शहीद सुनित नेगी की पत्नी ऋतु नेगी, मयंक गुप्ता, सुशील त्यागी, योगेश सिंघल, उदय सिंह पुंडीर, संजय शर्मा, हर्ष प्रकाश काला, प्रमोद भटनागर, करमजीत सिंह खोकर, विकास त्यागी, सचिन गुप्ता, जितेंद्र सैनी, ईश्वर लाल शास्त्री, उदय जैन, ऋतु कंडियाल, नईम सिद्दीकी, पप्पू गेरा, हरीश शर्मा व मंजू रावत आदि भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

