ख़ास ख़बर: सीएम धामी पहुंचे दिल्ली, मंत्रिमंडल में फेरबदल होने की चर्चाएं तेज़

ख़ास ख़बर: सीएम धामी पहुंचे दिल्ली, मंत्रिमंडल में फेरबदल होने की चर्चाएं तेज़
Spread the love

 

मंत्री पद के इच्छुक विधायक भी हुए सक्रिय

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को दिल्ली में संघ कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने संघ के कुछ प्रमुख नेताओं से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री ने संगठन मंत्री बीएल संतोष और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी उन्होंने मुलाकात की। उनके एक बार फिर दिल्ली जाने व नेताओं से मुलाकात करने के साथ ही उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल में फेर बदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बीते दिनों संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद राज्य कैबिनेट में खाली पड़े पांच मंत्री पदों को जल्द भरे जाने की बात की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर अन्य नेता भी पुष्टि कर चुके हैं तथा यह फेरबदल होली के बाद कभी भी होने की बात कही जा रही थी।
चर्चाएं इस बात की भी हो रही हैं कि कैबिनेट के कुछ अन्य मंत्रियों को भी हटाया जा सकता है जिसके चलते 5 से 7 तक नए मंत्री कैबिनेट में शामिल किये जा सकते हैं। राजनीतिक हलकों में कुछ लोग प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन होने के कयास तक लगाने लगे हैं। उनके कुछ विरोधी दबी-जुबान कह रहे हैं कि धामी अन्य किसी के लिए नहीं, खुद को बनाए रखने के लिए दिल्ली दरबार में दस्तक दे रहे हैं, लेकिन वे अपने इस अनुमान का कोई ठोस आधार नहीं बता पा रहे हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि 30 मार्च से नवरात्रि शुरू हो रहे हैं। ऐसे में कुछ सूत्रों का कहना है कि यह फेरबदल संभवतः होगा भी तो 7-8 अप्रैल के बाद ही हो सकेगा।
पार्टी के सूत्रों के अनुसार, इस फेरबदल की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण की जा चुकी हैं। कुछ लोग तो यह भी कयास लगा रहे हैं कि मंत्रिमंडल में यह फेर बदल 28-29 मार्च को भी संभव है। मंत्रिमंडल में किसे शामिल किया जाएगा और किसकी छुटृी होगी इसका फैसला हो चुका है और अब बस इस पर अमल किया जाना ही बाकी है तथा इसकी तारीख तय किया जाना ही शेष है।

 

Parvatanchal