कामयाबी: लॉ के छात्र से मारपीट और फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार, कब्जे से तमंचा बरामद

कामयाबी: लॉ के छात्र से मारपीट और फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार, कब्जे से तमंचा बरामद
Spread the love

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में फायरिंग मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को देशी तमंचे के साथ दबोचा लिया है। प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपियों को कंडोली से बिदोली की तरफ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। अब पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बता दें कि बीती 25 मार्च को मानस यादव, निवासी अलवर (राजस्थान) हाल निवासी पौंधा (देहरादून) ने पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि वह प्रेमनगर स्थित लॉ कॉलेज में बीए एलएलबी का छात्र है। वह पौंधा की एक सोसायटी में किराए के फ्लैट में रहता है। मानस ने बताया कि बीती 24 मार्च की देर रात को वह दोस्तों के साथ अपने फ्लैट की बालकनी पर खड़ा था कि इसी दौरान कृष पंवार, सूर्यांश चावला, मनस्वी पंडित व हरिवंश समेत 4-5 अन्य युवक अलग-अलग गाड़ियों में आए और उसके फ्लैट के पास गाड़ियों से उतरकर गाली-गलौज करने लगे। साथ ही जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी। इसके अलावा वे लोग फ्लैट के पास खड़ी उसकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
वहीं, घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रेमनगर थाने पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपियों के संबंध में जानकारी निकाली। फिर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
इसी कड़ी में घटना में शामिल दो आरोपी मनस्वी फरासी उर्फ शिबू पंडित और हरिवंश मगलूरिया को मुखबिर की सूचना पर कंडोली से बिदोली की तरफ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल 1 देशी तमंचा और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम की ओर से उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Parvatanchal