कोविड-19: उत्तराखंड में कोरोना के मामलों में एक दिन के भीतर सौ की बढ़ोत्तरी, पढ़िए…आज का अपडेट
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण का दैनिक ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ता जा रहा है। आलम यह है कि सोमवार के मुकाबले मंगलवार को कोरोना संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या में पूरे 100 का इजाफा हो गया। ऐसे में एक ही दिन के भीतर कोरोना के मरीजों की संख्या में सौ की बढ़ोत्तरी हो जाना आने वाले संकट की आहट ही मानी जा सकती है। मंगलवार को जारी स्वास्थ्य विभाग के हैल्थ बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के 10 जनपदों में कोरोना संक्रमण के 282 नए मामले सामने आए हैं, जबकि सोमवार को यह तादाद 182 थी। राज्य में आज के नए मामलों को मिलाकर कुल एक्टिव मरीजों की मौजूदा संख्या 1180 पहुंच गई है।
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे कोरोना के 223 मरीज स्वस्थ होकर घरों को लौटे हैं। बढ़ते मामलों के कारण राज्य में दैनिक संक्रमण की दर अब 13.08% पर पहुंच गई है।
हैल्थ बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में संक्रमित पाए गए लोगों की जिलेवार संख्या इस प्रकार है-
देहरादून में 137, हरिद्वार 22, नैनीताल 35, उधमसिंहनगर 32, पौड़ी गढ़वाल 03, टिहरी गढ़वाल 07, चंपावत 0, पिथौरागढ़ 02 , अल्मोड़ा 18, बागेश्वर 01, चमोली 0, रुद्रप्रयाग 19 ,उत्तरकाशी 13 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। प्रदेश में इस वर्ष पहली जनवरी से अब तक कुल 96414 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, जबकि इनमें से 91511 मरीज स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज हो चुके हैं। हैल्थ बुलेटिन के अनुसार, अब तक 3436 मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं जबकि 287 मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में संक्रमण से ठीक होने की दर 94.91 प्रतिशत है और अब तक कुल 1426356 लोग संक्रमण को मात दे चुके हैं।
देखिए, का स्वास्थ्य बुलेटिन-


