कामयाबी: 12.19 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, 3.60 लाख रुपये कीमत की बरामदगी
देहरादून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12.19 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली पटेलनगर की पुलिस टीम ने 19 सितंबर को चेकिंग के दौरान आरोपी को दबोचा। आरोपी की पहचान असलम पुत्र फारूक निवासी तुन्तोवाला, मेहूंवाला, कोतवाली पटेलनगर, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हुआ था। बरामद स्मैक को वह छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से स्मैक की सप्लाई के स्रोत और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल पंकज शामिल रहे।

