शिकंजा: कंपनी से चुराई गयी मशीन के साथ तीन गिरफ्तार

शिकंजा: कंपनी से चुराई गयी मशीन के साथ तीन गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। रायवाला पुलिस ने फाल्कन कम्पनी से चुराई गयी ट्रेकिंग मशीन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें पुलिस न्यायालय में पेश करने की तैयारी में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार,  विगत 20 अप्रैल को थाना रायवाला में फूलचन्द्र निवासी इलाहाबाद उप्र ने नेपाली फार्म के पास फाल्कन कंपनी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी। इसके लिए पुलिस ने एक टीम का गठन किया। गठित टीम को बुधवार को मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी के आरोपी मशीन को एक कार से भानियावाला रोड से दिल्ली ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चैकिंग अभियान छेड़ दिया।
चैकिंग के दौरान देहरादून भानियावाला की तरफ से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार संख्या- डीएल 09 सीएएस 7243 आती हुई दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम द्वारा बैरियर लगाकर रोका गया। कार में तीन व्यक्ति बैठे थे, जिनसे नाम पता पूछने पर चालक द्वारा अपना नाम रोहित उर्फ रोहित कटारिया पुत्र स्व प्रेमचन्द बताया, बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अभिषेक पुत्र महेन्द्र कुमार तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मसरूर आलम उर्फ मंसूर पुत्र स्व मकसूद अली बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे एक काले-नीले बैग से कंपनी से चोरी की गयी डीजी ट्रेकर मशीन बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों के अपराधिक इतहास को भी खंगाल रही है।

Parvatanchal