एम्स: राष्ट्रीय अंगदान माह के अवसर पर किया गया विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
ऋषिकेश। राष्ट्रीय अंगदान दिवस के उपलक्ष्य में एम्स द्वारा राष्ट्रीय अंगदान माह मनाया गया। इस दौरान अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
संस्थान के अंग प्रत्यारोपण विभाग द्वारा 16वें राष्ट्रीय अंगदान माह के अवसर पर जन जागरूकता के कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान की शुरूआत रेडियो ऋषिकेश 90.0 एफएम पर आयोजित विशेष कार्यक्रम से हुई। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने आकाशवाणी के माध्यम से अंगदान के महत्व, इससे जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। उधर नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए अंगदान जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने सर्जिकल गैस्ट्रो, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, जनरल सर्जरी एवं गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की ओपीडी में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मरीजों, तीमारदारों, आगंतुकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अंगदान के प्रति जागरूक किया। बताया गया कि 10 लोगों ने नोटो प्लेज रजिस्ट्री के माध्यम से अंगदान का संकल्प लिया। विभाग द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर 3 अगस्त को प्रातः साढ़े पांच बजे संस्थान द्वारा अंगदान जागरूकता फ्लैग मार्च और पदयात्रा रैली निकाली जाएगी। यह आयोजन एम्स के गेट नंबर 1 के सम्मुख आस्था पथ पर होगा।
राष्ट्रीय अंगदान दिवस समारोह के दौरान अंगदाता परिवारों को उनके अतुलनीय एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान डीन एकेडेमिक प्रो. सौरभ वाष्र्णेय, डीन रिसर्च प्रो. शैलेन्द्र हांडू, डीन एक्जाम प्रो. बी.के. बस्तिया, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री, डाॅ. रोहित गुप्ता, डाॅ. अंकुर मित्तल, काॅलेज आॅफ नर्सिंग की प्रिन्सिपल प्रो. स्मृति अरोड़ा सहित नर्सिंग स्टूडेन्ट्स आदि मौजूद रहे।

