आवाज़: श्रमिकों ने की न्यूनतम वेतनमान लागू करने की मांग, चार अगस्त से कार्य बहिष्कार की चेतावनी
विकासनगर(आरएनएस)। व्यासी जलविद्युत परियोजना से जुड़े संविदा श्रमिकों ने न्यूनतम वेतन लागू न किए जाने का आरोप लगाते हुए चार अगस्त से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस संबंध में संविदा श्रमिक संघ, उत्तराखंड (सीटू संबद्ध) ने अधिशासी अभियंता, व्यासी विद्युत गृह हथियारी को ज्ञापन सौंपा है। संघ के अध्यक्ष नवीन तोमर ने आरोप लगाया कि निर्माणदाई एजेंसी और उत्तराखंड जल विद्युत निगम सरकार की ओर से संशोधित न्यूनतम वेतन दरें लागू नहीं कर रहे हैं। इससे पहले भी इस संबंध में अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते अप्रैल 2026 से लागू संशोधित वेतनमान का लाभ उन्हें नहीं दिया गया है। इसके साथ ही श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण मुहैया नहीं कराए जा रहे हैं। बिना सुरक्षा उपकरण के काम करने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बताया कि दो वर्ष पूर्व पछुवादून के ही एक पावर हाउस में बिना सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे एक श्रमिक की मौत हो गई थी।उन्होंने बताया कि व्यासी बांध परियोजना में सौ से अधिक श्रमिक काम कर रहे हैं, लेकिन किसी भी श्रमिक को समय पर वेतन नहीं दिया जाता है। समय पर वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक तंगी के दौर से गुजरना पड़ता है। जबकि सभी श्रमिक ऐसे हैं जिनकी कृषि भूमि परियोजना के लिए अधिग्रहीत कर दी गई है, लिहाजा उनके पास परिवार के पालन पोषण का अन्य कोई जरिया नहीं है। कहा कि चार अगस्त तक न्यूनतम वेतनमान समेत अन्य मांगों पर कार्यवाही नहीं होने की दशा में सभी श्रमिक टूल डाउन हड़ताल शुरु कर देंगे। ज्ञापन सौंपने वालो में कैलाश तोमर,जनक सिंह, शमशेर सिंह, बिट्टू पुंडीर, यशपाल नेगी, जगत सिंह, सुनील, प्रमोद, मुकेश आदि शामिल रहे।

