एम्स : देहदान करने वाले लोगों के परिजनों का किया गया सम्मान, बताया सबसे बड़ी समाज सेवा

एम्स : देहदान करने वाले लोगों के परिजनों का किया गया सम्मान, बताया सबसे बड़ी समाज सेवा
Spread the love

ऋषिकेश। देहदान के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से बुधवार को एम्स ऋषिकेश में देहदान करने वाले लोगों के परिजनों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा की विधा में देहदान का बड़ा महत्व है और देहदान से बड़ा दूसरा कोई धर्म नहीं है। बुधवार को संस्थान के मुख्य सभागार में आयोजित देहदान जागरूकता कार्यक्रम में देहदान को समाज के लिए महान संकल्प बताया गया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और संस्थान के अधिकारियों ने देहदान के प्रति बढ़ती स्वीकार्यता को मेडिकल की पढ़ाई के लिए जरूरी बताया। कहा कि विभिन्न धर्मों के लोग अब देहदान करने के लिए खुद ही आगे आकर संकल्प ले रहे हैं। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि शरीर त्यागने के बाद भी व्यक्ति देहदान कर समाज की सेवा करता है। संस्थान की डीन एकेडेमिक प्रो. जया चतुर्वेदी ने इस मामले में जनसमुदाय को जागरूक कर उन्हें प्रेरित करने की आवश्यकता बतायी। कार्यक्रम की समन्वयक एनाटोमी विभाग की प्रो. डॉ रश्मि मल्होत्रा ने बताया कि एम्स मेडिकल कॉलेज को अभी तक 97 लोग अपना शरीर दान कर चुके हैं। दधीचि देहदान समिति उत्तराखंड के महासचिव नीरज पांडेय ने मेडिकल की पढ़ाई के लिए देहदान की अनिवार्यता बताई। मोहन फाउंडेशन के प्रोजेक्ट लीडर संचित अरोड़ा ने अपना अनुभव साझा कर इस बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम को एनाटोमी विभाग के हेड प्रो. मुकेश सिंगला ने भी संबोधित किया। एनाटोमी विभाग के डा राजीव चौधरी के संचालन में चले कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक प्रो बीसत्या श्री, डॉ. बिजेन्द्र सिंह, डॉ. गीतांजलि, डॉ. राजू आर बोकन, डॉ. नीति गुप्ता, डॉ. करमवीर सिंह, डॉ. उर्वी शर्मा, डॉ. मृणाल वर्मा, डॉ. सुनीता शर्मा, सीएनओ डॉ. अनिता रानी कंसल, विधि अधिकारी प्रदीप चन्द्र पांडेय, रजिस्ट्रार राजीव चौधरी सहित कई अन्य फैकल्टी सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और मेडिकल के छात्र मौजूद रहे। एम्स ऋषिकेश में पढ़ाई के लिए किया देहदान एम्स ऋषिकेश के मेडिकल कॉलेज को बुधवार को एक अन्य देहदान अर्पित किया गया। हरिद्वार निवासी गीता पंत का देहदान उनके परिजनों देवेंद्र पंत और पुष्पा पंत आदि द्वारा करवाया गया। बता दें कि गीता पंत राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल और बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी हैं। उनकी इच्छा के अनुसार दधीचि देहदान समिति के अध्यक्ष सुभाष चांदना के सहयोग से देहदान की यह प्रक्रिया संपन्न की गई। बताया गया कि देहदान करने के इच्छुक व्यक्ति समिति से 94  10326582 और 9410395622 नम्बरों पर सम्पर्क कर सकते हैं।

Parvatanchal