एक्शन: गढ़वाल में सक्रिय गुलदार को मारने के दिए आदेश, जल्द तैनात किए जाएंगे शिकारी
पौड़ी। गढ़वाल वन प्रभाग की नागदेव पौड़ी रेंज के डोभाल ढांडरी गांव में महिला पर हमला करने वाले गुलदार को आदमखोर घोषित कर अंतिम विकल्प के रूप में मारने का आदेश हो गया है। प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव व मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने यह आदेश जारी किया है। वन विभाग के अफसरों का कहना है कि क्षेत्र में जल्द ही शूटर तैनात किया जाएगा। ट्रैंकुलाइज टीम पहले से ही क्षेत्र में तैनात हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बच्चों को स्कूल आने-जाने और ग्रामीण महिलाओं को खेत या जंगल में चारापत्ती के लिए आने-जाने में परेशानी ना हो, इसके लिए विभागीय टीम सहयोग के तत्पर है। गढ़वाल वन प्रभाग के पौड़ी नागदेव रेंज स्थित डोभाल ढांडरी गांव में बीते 21नंवंबर को बुजुर्ग भगवाना देवी पर घास काटते घात लगाए गुलदार ने हमला कर दिया था। अन्य ग्रामीणों के हो हल्ला करने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने घायल महिला को जिला अस्पताल में उपचार के भर्ती कराया था। जहां चिकित्सकों ने बताया था कि महिला के गले में गुलदार ने नाखून से गहरा घाव किया है। उपचार के बाद बीते 25नवंबर को घायल महिला को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। डीएफओ गढ़वाल अभिमन्यु सिंह ने बताया कि डोभाल ढांडरी गांव में महिला को हमले में घायल करने वाले गुलदार को सबसे पहले पिंजरें में कैद किए जाने, उसमें सफलता नहीं मिलने पर ट्रैंकुलाइज किए जाने और अंतिम विकल्प के रुप में नष्ट किए जाने का आदेश हो गया है। विभाग क्षेत्र में जल्द ही मचान बनाने के साथ ही शूटर तैनात करेगा। अभी तक क्षेत्र में दो पिंजरें लगाए गए हैं। 10सदस्यीय विभागीय टीम नियमित गश्त कर रही है। साथ ही ट्रैंकुलाइज टीम भी तैनात है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, गांव में खेती या जंगल में चारपत्ती लाने के लिए आने-जाने वाली महिलाओं को किसी तरह की परेशानी सामने आएगी, तो विभागीय टीम तत्परता के साथ मदद के लिए खड़ी रहेगी। ढांढरी में गुलदार के हमले के बाद आक्रोशित ग्रामीण को मारने का आदेश दिए जाने और गुलदार को शेडयूल वन की श्रेणी से हटाने की मांग पर 22नवंबर से पौड़ी-श्रीनगर हाईवे पर गडोली के समीप आंदोलन कर रहे थे। बीते बुधवार को ग्रामीणों ने हाईवे पर एक घंटे का जाम भी लगाया था। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीणों के आंदोलन के बाद वन विभाग ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने का आदेश जारी कर दिया है। यह ग्रामीणों की एकजुटता व आंदोलन की जीत है। कहा कि ग्रामीणों ने सामूहिकता से आंदोलन को स्थगित किए जाने का निर्णय लिया है। लेकिन इस दिशा में किसी भी तरह से लापरवाही बरतने पर तो फिर से आंदोलन किया जाएगा।

