एक्शन: केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के कल तक चालू होने की उम्मीद, सड़क को दुरुस्त करने में जुटा है प्रशासन

एक्शन: केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के कल तक चालू होने की उम्मीद, सड़क को दुरुस्त करने में जुटा है प्रशासन
Spread the love

 

रुद्रप्रयाग। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने अवगत कराया है कि केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग फाटा तरसाली में कल सायं को भारी बारिश के कारण चट्टान खिसकने से लगभग 80 मीटर लंबा एवं 60 मीटर ऊंचे पहाड़ी से बोल्डर व मलवा आने से केदारनाथ यात्रा मार्ग आवागमन हेतु अवरुद्ध हो गया था। जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार के निर्देशन में मार्ग खोलने की प्रक्रिया कल सायं को ही शुरू कर दी गई थी, किन्तु सायं को अंधेरा व धुंध होने तथा पहाड़ी से बोल्डर गिरने से यात्रा मार्ग खोलने का कार्य रोक दिया गया था।


रजवार ने बताया है कि उक्त बंद सड़क मार्ग को आवाजाही हेतु सुचारू करने के लिए सुबह से ही कार्य शुरू कर दिया गया है जिसमें दोनों ओर से जेसीबी मशीनों द्वारा मलवा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसमें तीन मशीनों द्वारा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी अवगत कराया है कि मार्ग को आवागमन हेतु कल तक ही सुचारू किया जा सकेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, तहसीलदार ऊखीमठ दीवान सिंह राणा, डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, तहसील एवं जिला प्रशासन तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की देखरेख में सड़क मार्ग को खोलने का कार्य किया जा रहा है।

Parvatanchal