एक्शन: काशीपुर में दो मदरसे सील, नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई
काशीपुर। शहर में निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप संचालन नहीं मिलने पर प्रशासन ने दो मदरसों को सील कर दिया। तहसीलदार पंकज चंदोला के नेतृत्व में अल्पसंख्यक विभाग, पुलिस और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
सील किए गए संस्थानों में मोहम्मद हनीफ सिद्दीकी मुस्लिम पूर्व माध्यमिक विद्यालय, विजयनगर और जामिया अरबिया उलूम, काजीबाग शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, दोनों संस्थानों को कार्रवाई से पहले नोटिस जारी कर संचालन से संबंधित आवश्यक नियमों और मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। जांच के दौरान व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के बाद नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई।
तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कोतवाल हरेन्द्र चौधरी सहित पुलिस टीम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि संस्थानों के संचालन से जुड़े अभिलेखों, मानकों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच आगे भी जारी रहेगी।
काशीपुर में एक ही दिन दो मदरसों पर हुई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई किसी विशेष संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

