उपलब्धि: रेणु ने 16 साल की मेहनत से बनाई ग्लोबल पहचान, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में हुआ नाम दर्ज़
हल्द्वानी(आरएनएस)। हल्द्वानी की बेटी रेणु धरियाल ने अपने बालों की वजह से पूरी दुनिया में हल्द्वानी का नाम रोशन किया है। कठघरिया स्थित गांधी आश्रम निवासी रेणु रेणु का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज हुआ है। उनके काले और घने बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर यानी 8 फीट 10 इंच दर्ज की गई है। उनके पति पिछले वर्ष ही सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। रेणु ने यूक्रेन की आलिया नासिरोवा, जिनके बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर थी, उसके रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है। उनके बालों की लंबाई की तुलना इतिहास के सबसे लंबे व्यक्ति रॉबर्ट वाडलो की ऊंचाई से की जा रही है। वाडलो की लंबाई 272 सेंटीमीटर थी, यानी रेणु के बाल उनसे महज करीब 50 सेंटीमीटर छोटे हैं। उन्होंने बताया कि बाल धोने और उन्हें सुलझाने में उन्हें घंटों का समय लगता है। बताती हैं कि उन्होंने वर्ष 2015 से अपने बाल नहीं कटवाए हैं। लोगों की सलाह के बाद उनके पति ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए आवेदन किया। उनके ऑनलाइन आवेदन के बाद कनाडा से फोटोशूट के लिए टीम भी आई।
प्राकृतिक देखभाल पर भरोसा; रेणु के मुताबिक उनके बालों की लंबाई के पीछे कोई महंगा सैलून ट्रीटमेंट या चमत्कारी उत्पाद नहीं है। वह प्राकृतिक देखभाल को प्राथमिकता देती हैं। वह घर में तैयार किए जाने वाले हेयर ऑयल और घरेलू शैंपू ही लगाती हैं। रेणु का एमआरडी नेचुरल एंड ऑर्गेनिक हेयर ग्रोथ शैंपू नाम से यूट्यूब चैनल है। इस चैनल पर वह बालों की देखभाल और प्राकृतिक तरीके से बालों के रखरखाव से जुड़ी टिप्स साझा करती हैं। यूट्यूब चैनल पर एक लाख 12 हजार से अधिक सदस्य हैं और उनके वीडियो को करोड़ों लोग देखते हैं। वहीं, इंस्टाग्राम पर उनको पांच लाख चार हजार से अधिक लोग फालो करते हैं।

