आवाज़: स्थानीय जन समस्याओं को लेकर फिर मुखर हुए राज्य आंदोलनकारी

आवाज़: स्थानीय जन समस्याओं को लेकर फिर मुखर हुए राज्य आंदोलनकारी
Spread the love

 

बैठक में सरकार से की समान पेंशन दिए जाने की मांग

अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर पेटशाल में राज्य आंदोलनकारियों की एक बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा सभी राज्य आंदोलनकारियों को समान पेंशन दिए जाने की घोषणा को लागू न करने, आश्रितों को पेंशन के शासनादेश के बावजूद पेंशन न देने तथा वंचित राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि भैंसियाछाना, धौलादेवी विकास खंड के तोली फीडर से जुड़े गांवों में शाम होते ही बिजली गुल हो जाती है तथा सुबह जरूरत के समय भी बिजली नहीं रहती। विभागीय अधिकारियों ने कनारीछीना फीडर से जोड़ कर समस्या के समस्या का आश्वासन तो दिया किन्तु जोड़ा नहीं। कई वक्ताओं ने कहा कि सरकार मिलेट अन्न योजना में स्थानीय मोटे अनाजों के उत्पादन को प्रोत्साहन देने के लिए प्रशिक्षणों का आयोजन तो बड़े बड़े होटलों कर रही है, किंतु किसानों के खेतों को जंगली आवारा जानवरों से बचाने के कोई उपाय नहीं कर रही है। बैठक में डूंगरी-कुंजबरगल, गिरचोला-दौला मोटर मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग भी की गई। बैठक में राज्य आंदोलनकारियों द्वारा विभिन्न माध्यमों से सरकार को भेजे जा रहे ज्ञापनों पर कार्यवाही न होने पर भी रोष व्यक्त किया गया तथा निर्णय लिया गया कि 5 मार्च को राज्य आंदोलनकारी गांधी पार्क अल्मोड़ा में अपनी मांगों को लेकर धरना देंगे। यहाँ बैठक में ब्रह्मानन्द डालाकोटी, दिनेश शर्मा, दौलत सिंह बगड्वाल, गोपाल सिंह बनौला आदि उपस्थित रहे।

Parvatanchal