आवाज़: सीपीएम का जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन, अतिक्रमण के नाम पर गरीबों को उजाड़ने का आरोप

आवाज़: सीपीएम का जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन, अतिक्रमण के नाम पर गरीबों को उजाड़ने का आरोप
Spread the love

 

जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री को प्रेषित किया ज्ञापन

देहरादून। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने प्रशासन पर जनपद देहरादून में अतिक्रमण के नाम पर गरीब, अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अल्पसंख्यक मुस्लिम परिवारों को बेदखल करने तथा उनके दशकों से पुराने आवासों को ध्वस्त कर उन्हें बेघरबार करने का आरोप लगाया है। इस के विरोध में पार्टी की तरफ से सोमवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर जिलाधिकारी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
प्रशासन की ओर से ज्ञापन एडीएम (सदर) दुर्गापाल ने लिया तथा उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 


मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन में पार्टी ने मांग की है कि :-
(1) जिला प्रशासन द्वारा अविलम्ब गरीबों के खिलाफ अतिक्रमण रोका जाए ।
(2) जिले में जारी किये ध्वस्तीकरण नोटिस निरस्त किये जाएं ।
(3) साम्प्रदायिक आधार पर भेदभाव तत्काल बन्द हो।
(4) गरीब बस्तियों, नदी नाले तथा ग्राम समाज की भूमि पर बसे लोगों का नियमतिकरण किया जाए ।
(5) अब तक हटाये लोगों का मुआवजे सहित पुनर्वास किया जाए ।
(6) वन गूजरों तथा वन क्षेत्रों में बसे लोगों का वनाधिकार कानून के तहत पुनर्वास किया जाए ।

(7) रेहड़ी पटरियों वालों का उत्पीड़न बन्द हो तथा उन्हें सुप्रीम कोर्ट की फुटपाथ नीति का लाभ दिया जाए ।
(8) स्मार्ट सिटी के नाम पर व्यापारियों तथा परिवहन व्यवसायियों का उत्पीड़न बन्द हो।
(9) एलिवेटेड रोड तथा नवीन परियोजनाओं की आड़ में मलिन एवं गरीब आबादी का विस्थापन बन्द हो ।
(10) नई परिवहन व्यवस्था की आड़ में विक्रम, सिटी बस ,रिक्शा चालकों का उत्पीड़न बन्द हो ।
(11) आबादी क्षेत्र में जगह जगह बनाये ज रहे कूड़ाघरों तथा सीविरेज प्लान्टों पर रोक लगे ।
(12) जनपद में साम्प्रदायिक जहर फैलाने वाले तत्वों तथा भूमाफियाओं पर अंकुश लगाया जाए।

इससे पूर्व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता दीनदयाल पार्क में एकत्रित हुए तथा जलूस की शक्ल में तहसील चौक से इनाममुल्ला बिल्डिंग तथा कचहरी रोड होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहाँ प्रशासन एवं सरकार की नीतियों को जनविरोधी व साम्प्रदायिक बताते हुए उनके खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने एक स्वर में प्रशासन व सरकार की गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार ढंग से अपनी बात रखी तथा कहा कि यह सरकार गरीब विरोधी तथा अल्पसंख्यक विरोधी है तथा अमीरों एवं भूमाफियाओं की पक्षधर है, जिसके चलते गरीबों एवं अल्पसंख्यकों पर कहर बरपा रही है। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की इन नीतियों के खिलाफ पार्टी भविष्य में बृहद आन्दोलन शुरू करेगी ।
इस अवसर पर पार्टी जिलासचिव राजेंद्र पुरोहित, पछवादून सचिव कमरूद्दीन,महानगर सचिव अनन्त आकाश, पूर्व जिलापंचायत अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली, किसान अध्यक्ष दलजीत सिंह, सीटू अध्यक्ष कृष्ण गुनियाल, महामंत्री लेखराज, जनवादी महिला समिति उपाध्यक्ष इन्दु नौडियाल, महामंत्री दमयंती नेगी, एस एफआई राज्याध्यक्ष नितिन मलेठा, एआईएलयू के महामंत्री शम्भूप्रसाद ममगाईं , सुन्दर थापा, सुधा देवली, जितेंद्र गुप्ता, एजाज अहमद, अकरम, प्रवीण, शैलेंद्र परमार इस्लाम, भगवन्त पयाल, नुरैशा, शैदुल्लाह अंसारी, शीलादेवी, कुन्दनसिंह, अमन, अर्जुन रावत, रूपाली ,धर्मेंद्र ,,जाहिद , याकूब, रामसिंह भण्डारी , दिनेश नौटियाल , ताजबर सिंह रावत ,सलीम , शेर सिंह , मामचंद व राजेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।

Parvatanchal