आवाज़: मुनस्यारी में पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया धरना-प्रदर्शन

आवाज़: मुनस्यारी में पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया धरना-प्रदर्शन
Spread the love

पिथौरागढ़। उच्च हिमालयी गांवों को जोड़ने वाले नदी-नालों के ऊपर पुल निर्माण न होने से ग्रामीणों में रोष है। मंगलवार को मल्ला जोहार विकास समिति ने धरना-प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द पुल निर्माण की मांग उठाई। कहा कि पुल न होने से ग्रामीणों के साथ ही सेना में तैनात जवान जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। नगर के तहसील परिसर में समिति के अध्यक्ष श्रीराम सिंह धर्मशक्तू के नेतृत्व में लोग एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन किया और धरने में बैठ गए। धर्मशक्तू ने कहा कि चीन सीमा को सड़क से जोड़ने के लिए वर्ष 2010 के दौरान मुनस्यारी-धापा-मिलम 67 किमी लंबे मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हुआ, जो अब तक पूरा नहीं हो सका है। पिछले कुछ समय से सड़क का निर्माण कार्य भी बंद है। कहा कि डेढ़ दशक बीतने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा न होना चिंताजनक है। जबकि सड़क सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। कहा कि वर्तमान में आवाजाही के लिए पैदल मार्ग ही विकल्प हैं, लेकिन जगह-जगह भूस्खलन होने और नदी-नालों के ऊपर पुल न होने से ग्रामीणों के लिए एक से दूसरे जाना चुनौती बना हुआ है। धर्मशक्तू ने कहा कि बोग्डियार नदी, रिलकोट नाला, बिल्जू गधेरा के ऊपर पुल नहीं है। लंबे समय बाद भी पुल निर्माण न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। बाद में ग्रामीणों ने केंद्रीय गृह मंत्री को ज्ञापन भेजकर मुनस्यारी-धापा-मिलम सड़क का शेष कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने की मांग उठाई। कहा कि अगर इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। यहां दिग्विजय सिंह रावत, सुंदर जौहरी, देवेंद्र सिंह देवा, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद रहे।

Parvatanchal