आफ़त: शीतलहर की चपेट में आया पछुवादून, अस्पतालों में बढ़ने लगे मरीज
विकासनगर। बर्फबारी के बाद पछुवादून शीतलहर की चपेट में आ गया है। शनिवार को सुबह दस बजे तक हल्की धूप रहने के बाद आसमान में बादल छा गए, जिससे दिन भर ठिठुरन रही। शीत लहर चलने के कारण दिन भर बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। सर्दी बढ़ने से लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं, खासकर बुजुर्ग और बच्चे बीमारी की चपेट में आने लगे हैं। दो दिन हुई बर्फबारी के बाद बर्फ पिघलने से चकराता क्षेत्र के साथ ही पछुवादून भी कड़ाके की सर्दी की चपेट में आ गया है। चकराता बाजार से तो बर्फ पिघल गई, लेकिन ऊंचाई पर बसे देवबन खडम्बा मुंडाली लोखंडी लोहारी जाड़ी कोटी कनासर आदि क्षेत्र में बर्फ जमी हुई है। बर्फ गलने से चल रही बर्फीली हवाओं से पछुवादून में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। जिससे लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में दिक्कतें आ रही है। लोहारी निवासी शेर सिंह चौहान, जाड़ी के शमशेर सिंह, शूरवीर सिंह आदि का कहना है कि गांव की पगडंडियों व जंगलों आदि पर बर्फ जमी है, जिससे लोगों को पैदल चलने में भी दिक्कत हो रही है। साथ ही पशुपालक अपने पशुओं को चारे की व्यवस्था भी नहीं कर पा रहे हैं। वही मोटर मार्ग के खुले होने से लोगों को कुछ राहत है, लेकिन रात के समय पाला पड़ने से वाहन चलाने में परेशानी होती है।

