आफ़त: भारी बारिश ने ढाया कहर, जौनसार क्षेत्र के 30 मोटर मार्गों पर ठप रहा यातायात
विकासनगर(आरएनएस)। भारी बारिश के बीच मलबा आने से मंगलवार को जौनसार बावर की लाइफलाइन चकराता-कालसी मोटर मार्ग जहां दस घंटे बंद रहा। वहीं 30 अन्य मोटर मार्गों पर भी यातायात बाधित हो गया। हर दिन बंद हो रहे मार्गों से सम्बंधित ग्रामीणों की मुसीबतें कम नहीं हो पा रही हैं। सोमवार रात हुई भारी बारिश से जौनसार बावर की लाइफलाइन कालसी चकराता मोटर मार्ग मलबा आने से जजरेड के पास अवरूद्ध हो गया। जिसके चलते देर रात विकासनगर से चकराता और चकराता से देहरादून आने जाने वाले वाहन रात भर वहीं फंसे रहे। कालसी चकराता मार्ग पर यातायात न हो पाने से क्षेत्र के किसान अपनी नगदी फसले विकासनगर, देहरादून मंडियों पर समय से नहीं पहुंचा पाये। रविवार शाम को जौनसार बावर क्षेत्र में बंद हुए मार्ग सोमवार को यातायात के लिये बाहाल हो गए व कोई नया मार्ग भी बंद नही हुआ, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते जौनसार बावर क्षेत्र में चकराता लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाले सिलिखड्ड-कुनेन मोटर मार्ग, टुंगरा लिंक मार्ग, रोटा खड्ड-आटाल मोटर मार्ग, पलासू-बगियाना मोटर मार्ग बन्द है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना कालसी के जगथान मोटर मार्ग, बाड़वाला-जुड्डो-मटोगी मार्ग, गडोल-सकरोल मोटर मार्ग, सैंज-चंदेऊ मोटर मार्ग, मुंशीघाटी-धोइरा-देऊ मोटर मार्ग, यातायात के लिए बाधित रहे। लोक निर्माण विभाग सहिया के लक्सयार-लुधेरा, उभेरेऊ-क्यारी मोटर मार्ग, उदपाल्टा मोटर मार्ग, नराया-फेड़ूलानी, शहीद सुरेश तोमर गास्की मोटर मार्ग, ड्यूडीलानी ढलानी से सकरोल मोटर मार्ग यातायात के लिए बाधित रहे। लोक निर्माण विभाग चकराता के अधिशासी अभियंता विजय कुमार मोंगा और लोनिवि साहिया के अधिशासी अभियंता अनुज भारद्वाज ने कहा कि जेसीबी से बंद मार्गों को खोला जा रहा है। जल्द ही सभी मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
इन मार्गों पर भी ठप रहा आवागमन
लोनिवि चकराता: चकराता-लाखामंडल स्टेट हाईवे, पुरोडी-हयोऊ-टगरी, रेवटा-हवाइ, माक्टी पोखरी मोटर मार्ग, टुंगरा, कांडा-बिरनाड, हरिपुर-कोटि-क्वानू-मीनस, सहिया-क्वानू, ड्यूडीलानी-सक्रोल, कोरूवा-मगरोली, कालसी-बैराटखाई, नराया-अस्टाड-चकराता, सहिया-उदपाल्टा-उपरोली, काहा-नेहरा-पुनाहा, कोठा बैंड-आरा-अष्टी, हय्या-अलसी-सकनी और तारली संपर्क मार्ग, बोसान बैंड, खारसी-खाटुवा, बिरपा बैंड-खारसी, जगथान मोटर मार्ग पर वाहनो की आवाजाही ठप रही।

