आफ़त: नाली बंद होने से थत्यूड़ बाजार की दुकानों और घरों में घुस गया बारिश का पानी
नई टिहरी। जौनपुर विकासखंड मुख्यालय में बुधवार शाम हुई तेज बारिश ने मुख्य बाजार और जालसी बस्ती के लोगों की परेशानी बढ़ा दी। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य बाजार की कई दुकानों और जालसी बस्ती के घरों के आसपास पानी भर गया। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के दौरान बाजार क्षेत्र में पानी का तेज बहाव होने लगा। सड़क किनारे नाली बंद होने के कारण बारिश का पानी दोनों ओर जमा होकर जलभराव हो गया। इससे कंप्यूटर संचालक परविंद रावत की दुकान में पानी भर गया। बाजार में जलनिकासी की व्यवस्था न होने पर स्थानीय लोगों ने कड़ा आक्रोश जताया। व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार, जगत असवाल, महिपाल सजवाण, सुरेंद्र रावत, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष संजय गौड़ ने लोक निर्माण विभाग से बाजार क्षेत्र में भूमिगत नाली निर्माण करने की मांग की है। उनका कहना है कि जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से वर्षों से लोग परेशान हैं। यदि शीघ्र नाली निर्माण नहीं कराया जाता है तो व्यापारी आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे। इस बाबत लोनिवि के सहायक अभियंता नवीन शर्मा ने बताया कि थत्यूड़ बाजार में नाली निर्माण और इंटरलॉक टाइल बिछाने का प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा गया था, लेकिन स्वीकृत नहीं मिली। अब फिर से प्रस्ताव को राज्य योजना के तहत भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

