आफ़त:भू-स्खलन के चलते सड़क से कट गया है गांव, शाक-सब्जियों को बाज़ार नहीं ले जा पा रहे ग्रामीण

आफ़त:भू-स्खलन के चलते सड़क से कट गया है गांव, शाक-सब्जियों को बाज़ार नहीं ले जा पा रहे ग्रामीण
Spread the love

बागेश्वर। कपकोट तहसील में लगातार बारिश से लोग बेहाल हैं। भारी मात्रा में भूस्खलन के कारण पोथिंग गांव की सड़क चार दिन से बंद है। इसका असर यहां के किसानों पर पड़ रहा है। शिमला मिर्च, फूल तथा अन्य उत्पादन को बाजार तक लाना चुनौतीभरा हो गया है। चार किमी पैदल चलकर किसी तरह सब्जी सड़क तक पहुंचा रहे हैं। फूल खराब हो रहे हैं। संचार सुविधा भी ठप है। लोगों ने प्रशासन से जल्द मार्ग खोलने की मांग की है। भराड़ी-पोथिंग मोटर मार्ग सुंगरीगाड़ के पास भारी मात्रा में भूस्खलन से बंद हो गया है। चार दिन से गांव में आवाजाही ठप है। लोग चार किमी पैदल चलकर अपने गांव तक पहुंच रहे हैं। गांव में इन दिनों शिमला मिर्च और जरबेरा फूल का कारोबार होता है। गांव में उत्पादित सब्जी को बाजार नहीं मिल पा रहा है। शिमला मिर्च और फूल खराब हो रहे हैं। किसानों बड़ा नुकसान झेलने को मजबूर हैं। सब्जी व फूलों का कारोबार करने वाले दीपक गड़िया ने बताया कि चार दिन से सड़क बंद होने से शिमला मिर्च और जरबेरा फूल खराब हो रहा है। सोमवार को वह सवा कुंतल शिमला मिच भराड़ी लाए। इसके लिए उन्हें मजदूर लगाने पड़े। मजदूरों के पीठ में लाने से आधी सब्जी गर्मी से खराब हो गई। जरबेरा फूल हाथ लगते ही खराब हो जाता है। इस समय ऑफ सीजन है, लेकिन सड़क बंद होने से जो राशि मिलती थी वह भी नहीं मिल रही है। ग्रामीणाों ने बताया कि गांव के 20 लोग वाहन चलाकर आजीविका चलाते थे वह भी ठप है। 21 जुलाई को गैस की गाड़ी आनी थी वह भी नहीं पहुंची है। गांव के दस दुकानदारों का कारोबार पिट गया है। बीमार व प्रसव पीड़िताओं को सड़क तक लाने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। गड़िया ने बताया कि उनके पिता का हार्ट का ऑपरेशन हुआ है। उन्होंने सड़क की दशा को देखते हुए उन्हें भराड़ी में रखा है। मदन सिंह, संजय , प्रताप सिंह, हरीश , भूपेश गड़िया, कमलेश गड़िया आदि प्रशासन से जल्द मार्ग खोलने की मांग की है। इधर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बंद मार्ग में भूस्खलन हो रहा है। मार्ग को खोलने का प्रयास जारी है।

Parvatanchal