आक्रोश: रसोई गैस के दामों में की गयी वृद्धि से चढ़ा कांग्रेस का पारा, सरकार का पुतला फूंक कर जताया विरोध
नैनीताल। गैस सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोत्तरी के विरोध में कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष अनुपम कबडवाल के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी। अध्यक्ष अनुपम ने कहा कि महंगाई चरम पर है और केंद्र और राज्य सरकार का लगातार बढ़ती महंगाई पर कोई अंकुश नहीं है। रसोई गैस समेत आम उपभोग की जरूरी वस्तुओं के दामों में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। जनता बढ़ती महंगाई के चलते परेशान है। महिलाओं को घर का चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है, लेकिन सरकार महंगाई पर कोई अंकुश नहीं लगा पा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से बढ़े दामों को तत्काल वापस लेने की मांग की। इस मौके पर पूर्व पालिका अध्यक्ष मुकेश जोशी मोंटू, जेके शर्मा,राजेंद्र व्यास, कमलेश तिवारी, कैलाश अधिकारी, जुनेद अहमद, डॉक्टर सरस्वती खेतवाल, कुंदन बिष्ट व सुरेश कुमार सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

