आक्रोश: मोटर मार्ग की पांच साल से नहीं की गई मरम्मत, ग्रामीणों को झेलनी पड़ रहीं मुश्किलें
विकासनगर। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही करीब तीन हजार की आबादी पर भारी पड़ रही है। तहसील क्षेत्र अंतर्गत हरटाड़-छजाड़-भूठ मोटर मार्ग विभाग की अनदेखी के चलते खस्ताहाल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते पांच साल से मोटर मार्ग की सुधारीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से लेकर संबंधित मंत्री तक गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन आज तक मार्ग की मरम्मत नहीं हो पाई है। क्षेत्रवासी रमेश चंद्र चौहान, मनीष, महेंद्र सिंह, यशपाल सिंह, जमन सिंह, काना सिंह, राम सिंह, अजब सिंह, आनंद सिंह ने बताया कि पांच साल पहले ही मोटर मार्ग जर्जर हो गया था। जिसके बाद साल दर साल मार्ग की हालत खस्ताहाल होती रही। इन दिनों मोटर मार्ग किसी पहाड़ी पगडंडी की तरह हो गया है, जिस पर ग्रामीण हर रोज जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। छोटे वाहन कई बार दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। कहा कि मार्ग की खस्ताहालत के चलते ग्रामीण अपनी नगदी फसलों को लेकर रात में सफर करने से परहेज कर रहे हैं, जिससे उनकी फसलें समय पर मंडी तक नहीं पहुंच रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मोटर मार्ग का सुधारीकरण नहीं होने से उनकी आर्थिक गतिविधि भी ठप पड़ गई है। गांव में किसी के बीमार पड़ने पर रात के समय 108 आपातकालीन वाहन भी इस सड़क पर नहीं आता है, जिससे कई बार रात के अंधेरे में मरीज को डंडीकंडी के सहारे अस्पताल तक पहुंचाना पड़ता है। उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता नीरज त्रिपाठी ने बताया कि मोटर मार्ग सुधारीकरण के लिए दैवीय आपदा मद में प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
(प्रतीकात्मक फोटो)

