आक्रोश: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति के बयान पर हंगामा, महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
मंत्री के सरकारी आवास के घेराव का किया प्रयास, पुलिस ने लिया हिरासत में
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू ने बिहार की युवतियों को लेकर विवादित बयान दिया है, जिसके बाद कांग्रेस को बीजेपी सरकार और मंत्री रेखा आर्या को घेरने का एक और मौका मिल गया। गिरधारी लाल साहू के विवादित बयान पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में शुक्रवार को राजधानी देहरादून में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान उत्तराखंड महिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सरकारी आवास का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को यमुना कॉलोनी के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस की नेत्रियों ने सड़क पर बैठकर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में बीजेपी की महिला नेत्रियों ने चुप्पी साधी हुई है, जिसके चलते वो लगातार भाजपा की महिला विधायक और मंत्री के आवास का घेराव कर रही हैं। इन सबके बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति ने महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया।
ज्योति रौतेला ने कहा कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति का यह कहना कि बिहार से 20 से 25 हजार रुपए में शादी के लिए लड़कियां मिल जाती हैं, ये पूरे देश की महिलाओं का अपमान है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति के इस बयान के खिलाफ पूरे प्रदेश में कांग्रेस पुतला दहन कर रही है। इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और मंत्री रेखा आर्या को घेरते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उत्तराखंड कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बयान को निंदनीय और शर्मनाक बताया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी महिलाओं को वस्तु के रूप में प्रस्तुत करने वाली मानसिकता को दर्शाती है, जो मानव तस्करी, बाल विवाह और महिला शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देती है। ज्योति रौतेला ने यह भी कहा कि यह बयान ऐसे परिवार से आया है, जिसकी सदस्य स्वयं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री हैं, जो सरकार की कथनी और करनी के बीच के अंतर को उजागर करता है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता, बीजेपी सरकार के मंत्रियों और विधायकों के आवासों का घेराव कर रही थी। लेकिन अफसोस की बात है कि इसी बीच महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति ने बिहार की महिलाओं पर जो बयान दिया है, वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे देश की महिलाओं का अपमान बताया।
ज्योति रौतेला का कहना है कि आज उन्हें यमुना कॉलोनी जाकर प्रदर्शन करना पड़ा है, लेकिन कल महिला कांग्रेस उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने जाएगी। यमुना कॉलोनी के गेट पर काफी देर हंगामा होने के बाद पुलिस ने महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और पुलिस लाइन भेज दिया।

