आक्रोश: आठ घंटा इंतजार के बाद भी बिना सिलिंडर के लौटे लोग, प्रशासन की चुप्पी से लोग नाराज़

आक्रोश: आठ घंटा इंतजार के बाद भी बिना सिलिंडर के लौटे लोग, प्रशासन की चुप्पी से लोग नाराज़
Spread the love

उत्तरकाशी।  क्षेत्र में गैस की किल्लत थमने का नाम नहीं ले रही है। अव्यवस्थाएं को लेकर स्थानीय प्रशासन की चुप्पी से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। क्षेत्र में संचालित गढ़वाल मंडल विकास निगम की यूनिट भारत गैस गोदाम में करीब 150 उपभोक्ताओं को आठ घंटा इंतजार के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा। एजेंसी की लापरवाही और झूठी सूचना से उपभोक्ता पूरे दिन परेशान रहे। जब गैस सिलिंडर की गाड़ी नहीं आने सूचना मिली तो उपभोक्ता निराश होकर लौटे। उपभोक्ता अनिल कुकरेजा, मुकेश, सरदार सिंह, खजान सिंह, प्रियंका, अनिता, वंदना का कहना है कि उन्हें पहले गैस वितरण की सूचना दे कर लाइन लगाने के लिए कहा गया। उपभोक्ता लाइन लगा कर खड़े हुए थे कि कुछ समय बाद भारत गैस के कर्मचारी स्पष्ट बात बताए गोदाम में ताला लगा कर बड़कोट चले गए जिससे उन्हें आठ घंटे तक दुविधा में रखा गया। भारत गैस गोदाम में सुबह से खड़े नगर पंचायत सहित सुनारा, कोटियालगांव, मंजियाली, कंसोला, पलेठा, बगासु गांव के उपभोक्ताओं को खाली हाथ गांव लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना था कि नौगांव में दस दिनों से गैस नहीं बांटी गई है। कई उपभोक्ता रोज गैस गोदाम के चक्कर काट रहे हैं।
बड़कोट में गैस सिलिंडर के लिए रातभर लगी रही लाइन
उधर, बड़कोट नगर क्षेत्र में भी रसोई गैस की किल्लत लगातार बढ़ रही है। शनिवार को गैस मिलने की उम्मीद में बड़ी संख्या में उपभोक्ता रामलीला मैदान में लाइन लगाकर इंतजार करते रहे लेकिन आपूर्ति नहीं हो सकी। कई लोग पूरी रात कतार में खड़े रहे और रविवार सुबह तक भी लाइन लगी रही। गैस गाड़ी तो पहुंची लेकिन इसके बाद भी कई उपभोक्ता खाली हाथ लौटे। रविवार को बड़कोट में भारत गैस की एक गाड़ी पहुंची लेकिन भारी भीड़ के चलते अधिकांश उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल सकी। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल की मौजूदगी में गैस वितरण कराया गया। वहीं, इंडेन गैस की गाड़ी न पहुंचने से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बीते कई दिनों से इंडेन गैस की गाड़ी बड़कोट नहीं पहुंचने से उपभोक्ता परेशान हैं। गैस संकट का असर स्थानीय होटल और ढाबा संचालकों पर भी साफ दिख रहा है जिनका कामकाज लगभग ठप पड़ गया है। वहीं, आम लोगों के सामने रोजमर्रा के भोजन की समस्या खड़ी हो गई है। व्यापार मंडल के जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंह रावत, नगर महामंत्री सोहन गैरोला सहित नागरिकों ने प्रशासन से जल्द गैस आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अकेले यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव नगर पालिका बड़कोट में अभी तक आधा दर्जन होटल ढाबे सिलिंडर नहीं मिलने से बंद हो गए हैं जिससे कई परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है।

(प्रतीकात्मक फोटो)

Parvatanchal