आक्रोश: अपनी मांगों के प्रति प्रशासन की बेरुखी से ख़फ़ा ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने किया प्रदर्शन
उत्तरकाशी(आरएनएस)। दशगी, हातड़ और बिष्ट पट्टी की विभिन्न जनसमस्याओं और मांगों को लेकर सोमवार को बनचौरा में बीडीएच जन मंच के नेतृत्व में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ प्रदर्शन किया। साथ ही जल्द समस्याओं के निराकरण की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राजीव नवोदय विद्यालय के निर्माणाधीन कार्य को जल्द शुरू कराने, हातड़ क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने और धरासू-तराकोट मोटर मार्ग के चार पुलों पर एप्रोच वॉल का निर्माण करने की मांग उठाई। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत करने और दशगी-बिष्ट पट्टी के मध्य कोटधार में सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगें क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हैं और इनके पूरा होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। बीडीएच जन मंच ने कहा कि मांगों को लेकर पूर्व में भी संबंधित स्तर पर ध्यान आकर्षित किया जाता रहा है लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण प्रदर्शन करना पड़ा। मंच ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।प्रदर्शनकारियों में बीडीएच जन मंच अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुसाईं, सचिव जगवीर सिंह रावत, ग्राम प्रधान खदाड़ा सोहन लाल कोहली, बलवीर रावत, राजेंद्र सिंह रांगड़, त्रेपन लाल, हर्ष अग्निहोत्री, धारकोट प्रधान प्रतिनिधि नीरज कोहली, महावीर रावत, त्रेपन सिंह, विवेक बिष्ट, अंकित भट्ट आदि मौजूद रहे।
उपनल सुरक्षा गार्डों ने उठाई समान वेतन की मांग
दूसरी ओर, उपनल के माध्यम से विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत पूर्व सैनिकों और सुरक्षा गार्डों ने भी समान कार्य के लिए समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई। सोमवार को बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। साथ ही विधायक के माध्यम से ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा गया।ज्ञापन में पूर्व सैनिकों ने कहा कि उपनल की स्थापना पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को सम्मानजनक रोजगार और कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। इसके बावजूद सुरक्षा गार्डों को समान कार्य के लिए समान वेतन के लाभ से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय के आदेशों के क्रम में उपनल कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में सुरक्षा गार्डों को भी इसका लाभ तत्काल दिया जाना चाहिए।गार्ड आठ से 12 घंटे तक दिन-रात कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी करते हैं। इसके बावजूद उनके मानदेय में विसंगतियां बनी हुई हैं। पूर्व सैनिकों ने मानदेय में उचित वृद्धि, वेतन संबंधी विसंगतियां दूर करने और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस मौके पर युद्धवीर सिंह, सुरेश , सोबेंद्र भंडारी, राजेंद्र प्रसाद, गंगा , मुकेश , रमेश सिंह, संतोष थापा, जयबीर सिंह, प्रवेंद्र सिंह, मंजीत सिंह और संदीप थापा आदि मौजूद रहे।

