अवैध: नानकमत्ता में किशोरी का शादीशुदा युवक से कराया विवाह, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज़

अवैध: नानकमत्ता में किशोरी का शादीशुदा युवक से कराया विवाह, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज़
Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)।   नानकमत्ता के ग्राम जंगल जोगीठेर में 14 वर्षीय किशोरी की शादी 28 वर्षीय शादीशुदा युवक से कराने का मामला सामने आया है। शादी के दो दिन बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली। पुलिस ने किशोरी के भाई की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को किशोरी की शादी मंदिर में कराई गई थी। इसमें दोनों परिवारों के लोग शामिल हुए थे। 28 वर्षीय दूल्हा जयदेव सिंह पुत्र जूदन सिंह पहले से शादीशुदा और एक बच्चे का पिता बताया जा रहा है।उसकी पत्नी बच्चे को लेकर उसे छोड़कर चली गई है। आरोप है कि दोनों परिवारों के कुछ सदस्यों ने आपसी सहमति से किशोरी की शादी करा दी। दो सितंबर को पुलिस को किशोरी की शादी की जानकारी मिली तो टीम मौके पर पहुंची। किशोरी के भाई ने अपनी नाबालिग बहन की जबरन शादी कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। उसने आरोप लगाया कि एक महिला ने शादी कराने के लिए लड़के पक्ष से रुपये भी लिए थे। प्रतापपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत ने बताया कि किशोरी के भाई की तहरीर पर जयदेव सिंह, रेनू, तारा देवी, सुनील उर्फ पक्का, अनिल, अनीता और कोमल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक जयदेव को गिरफ्तार कर लिया गया। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की विवेचना खटीमा में तैनात महिला उपनिरीक्षक संतोषी नेगी को सौंपी गई है।

Parvatanchal