सबक: अपनी प्रेमिका पूजा का सिर काटने वाले मुस्ताक के घर पर चला बुलडोजर
उधमसिंहनगर। जिले के खटीमा में हुई पूजा की हत्या के आरोपी उसके प्रेमी मुस्ताक अहमद के घर को जेसीबी से तोड़ दिया गया। आरोपी ने पूजा का गला काटकर उसका शव खटीमा में छिपा दिया था।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि पूजा हत्याकांड के आरोपी मुस्ताक अहमद निवासी गांव गौरीखेड़ा सितारगंज का घर जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। इसीलिए उसका घर गिराया गया है। सोमवार को जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, सितारगंज कोतवाली के गौरीखेडा गांव में एसटी वर्ग की जमीन पर भूमाफियाओं की ओर से अवैध कब्जा कर अतिक्रमण करने का मामला आया था। जिला प्रशासन ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि मथुरा प्रसाद पुत्र नारायण निवासी गांव गौरीखेड़ा कोतवाली सितारगंज की भूमि पर मुस्ताक अहमद ने मकान बनाया हुआ था। मथुरा प्रसाद एसटी वर्ग के व्यक्ति हैं। पिता की मृत्यु के बाद वो जमीन मथुरा प्रसाद के नाम पर दर्ज है।
जिला प्रशासन ने जमीन खाली करने के लिए मुस्ताक अहमद को नोटिस भी जारी किया था, जिसका मुस्ताक अहमद ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस-प्रशासन की टीम ने मुस्ताक अहमद का घर आज जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

