अनसुनी: बगाल चक गांव में गहराया पानी का संकट, कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है ग्रामीणों को
नई टिहरी(आरएनएस)। थौलधार ब्लॉक के बगालचक गांव में दो साल से पेयजल संकट बना है। जल जीवन मिशन में 20 किमी लंबी पेयजल लाइन के कुछ ही हिस्से की मरम्मत होने और टैंक लीकेज होने के कारण ग्रामीणों की पेयजल समस्या दूर नहीं हो पाई है जिससे गांव के करीब 70 परिवार आधा किमी दूर व्यक्तिगत लाइन से पानी भरने को मजबूर हैं।नगुण पट्टी के ग्राम बगाल चक के ग्रामीण दो साल से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील डिमरी और प्रधान प्यारी देवी चौहान ने बताया कि 1989 में बनी 20 किमी लंबी पेयजल लाइन पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। लाइन की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए जल संस्थान ने दो-ढाई साल पहले जल जीवन मिशन से करीब 40-42 लाख रुपये खर्च कर योजना के कुल तीन किमी हिस्से के पाइप बदलकर टैंक भी बनाया था लेकिन अन्य जर्जर पाइप नहीं बदलने और टैंक लीकेज होने के कारण स्रोत पर पर्याप्त पानी होने के बावजूद गांव में पानी की समस्या बनी हुई है।सदस्य ने बताया कि गांव के निचले हिस्से में चार-पांच परिवारों ने गदेरे से अपने लिए व्यक्तिगत पाइप लाइन बनाई है। योजना से पानी नहीं मिलने के कारण ग्राम पंचायत ने अभी तक योजना का स्वामित्व नहीं लिया है। उन्होंने योजना का पुर्नगठन करने और दूसरा टैंक बनाने की मांग की है।
‘ग्राम पंचायत के प्रस्ताव के आधार पर योजना का पुनर्गठन किया जाता है। लाइन की मरम्मत करने के बाद भी गांव में पानी नहीं आ रहा है, तो योजना का निरीक्षण कर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। टंकी का लीकेज भी जल्द ठीक कराया जाएगा।’
-प्रशांत भारद्वाज, ईई जल संस्थान नई टिहरी ।

