अनदेखी: चाह-अखोड़ीसैण-कोश्यार तहसील मोटर मार्ग निर्माण लटका, प्रभावित क्षेत्रों में आक्रोश
नई टिहरी(आरएनएस)। जाखणीधार ब्लॉक में चाह रेंगली-अखोड़ीसैण-कोश्यार तहसील मोटर मार्ग की मांग 10 साल बाद भी पूरी नहीं हो पाई है जिससे ग्रामीणों को कोश्यार तहसील आवागमन करने और अखोड़ीसैण के ग्रामीणों का ग्राम पंचायत की बैठक में प्रतिभाग करना मुश्किल है। गांव के प्रधान ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि सड़क बनाने के लिए जमीन की एनओसी भी प्रदान की गई है। बावजूद लोनिवि कोई सुध नहीं ले रहा है।ग्राम चाह गडोलिया के प्रधान विनोद सिंह गुसाईं ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि चाह रेंगली-अखोड़ीसैण-कोश्यार तहसील करीब 15 किमी मोटर मार्ग की मांग लंबे समय से की जा रही है। चाह रेंगली से सात किमी सैण नामे तोक तक आ रही निजी भूमि की एनओसी भी लोनिवि को दी गई है लेकिन अभी तक उस पर आगे की कार्यवाही शुरू नहीं की गई है।प्रधान ने बताया कि आठ किमी में से सैण से अखोड़ीसैण तक तीन किमी तक चीड़ का जंगल है जबकि अखोड़ीसैण से आगे कोश्यार तहसील तक करीब पांच किमी वन विभाग की रोड 40 साल पहले से बनी हुई है। सड़क नहीं बनने से जहां उडारकी, मोलखी, चरियों, रिखोट आदि बस्ती के लोगों को पैदल नापना पड़ रहा है वहीं क्षेत्र के ग्राम गेंवली, लवोई गांव, स्वाड़ी, चाह गडोलिया, उडोली और मंथल आदि गांव के लोगों को कोश्यार तहसील पहुचंने के लिए वाया टिपरी से 30 किमी लंबा सफर तय करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि अखोड़ीसैण गांव भी ग्राम पंचायत चाह गडोलिया का हिस्सा है लेकिन सड़क सुविधा नहीं होने के कारण वहां के लोग ग्राम पंचायत की बैठक और गांव के अन्य कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए शीघ्र ही सड़क की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। डीएम नितिका खंडेलवाल ने लोनिवि को जल्द कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

