आक्रोश: पूर्व सभासद धीरेंद्र सिंह परिहार की गुमशुदगी को लेकर रोष व्याप्त, तिराहे पर लगाया जाम
बागेश्वर(आरएनएस)। पूर्व नगरपालिका सभासद और अधिवक्ता धीरेंद्र सिंह परिहार के पिछले 16 दिनों से लापता होने के बावजूद कोई सुराग नहीं लगा है। इसके विरोध में सोमवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नुमाइश मैदान से जुलूस निकालकर एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। अंकुर उपाध्याय और मनोज बचखेती ने कहा कि 16 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तलाश के दावों के बावजूद कोई ठोस सुराग न मिलने से परिजनों की चिंता और आशंकाएं गहराती जा रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द धीरेंद्र परिहार को सकुशल बरामद नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।
पुलिस का आश्वासन और आंदोलन स्थगित
वहीं, मौके पर पहुंचे कोतवाल अनिल उपाध्याय ने आंदोलित लोगों को शांत कराते हुए बताया कि पुलिस टीमों को तलाश में लगाया गया है और जांच का करीब 60 फीसदी काम पूरा हो चुका है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लापता अधिवक्ता को ढूंढ लिया जाएगा। कोतवाल के इस ठोस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने एसबीआई तिराहे से जाम हटाया और आंदोलन को 15 घंटे के लिए स्थगित कर दिया। इस मौके पर धीरेंद्र सिंह परिहार की मां नंदी परिहार, विधायक पार्वती दास, भास्कर दास, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह परिहार, विजय सिंह परिहार, मयंक खेतवाल, सभासद विक्की सुयाल, भाजपा जिला मंत्री मनोज ओली, सुरेंद्र खेतवाल, अनुज साह गंगोला, राहुल साह, दीपक मिश्रा, अमित सिंह डसीला, देव सिंह अधिकारी, गौरव गड़िया, कवि जोशी, राजेश सिंह रौतेला, विनोद भट्ट, तरुण कन्याल आदि मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने किया कार्य बहिष्कार
बागेश्वर । अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का सुराग नहीं लगने पर अधिवक्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। कार्य बहिष्कार कर अधिवक्ता कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने और लापता परिहार का पता लगाने की मांग की है।

