शाबाश: मित्र पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया हत्या का खुलासा, हत्यारोपी पति-पत्नी गिरफ्तार
सुशील खत्री
पिथौरागढ़, 09 दिसंबर। जनपद पुलिस ने हत्या के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। इतना ही नहीं, पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार 08 दिसंबर को थाना जाजरदेवल को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति का शव बस्ते सनराइज स्कूल के पास एक कमरे में पड़ा है । सूचना पर थानाध्यक्ष जाजरदेवल कुलदीप सिंह मय पुलिस फोर्स के घटनास्थल पर पहुँचे तो शव की शिनाख्त ओम प्रकाश पुत्र धनी राम, निवासी- चौधरीगाँव, बहराईच, थाना- मोतीपुर (यूपी) के रूप में हुई। उसकी 06 दिसंबर को थाना जाजरदेवल में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। इस सम्बन्ध में थाना जाजरदेवल में धारा- 302 भादवि के अन्तर्गत अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया । पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, लोकेश्वर सिंह के आदेशानुसार, क्षेत्राधिकारी धारचूला, विनोद कुमार थापा के निर्देशन में अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु एसओजी व थाना जाजरदेवल की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई । पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गहन पतारसी-सुरागरसी कर आज घटना में संलिप्त अभियुक्त गुलनजर उर्फ साका पुत्र पहलवान, निवासी- ग्राम मेठकिहा पोण्डा, थाना- मोतीपुर जिला- बहराईच (उत्तर प्रदेश) उम्र- 30 वर्ष व अमीरउल पत्नी गुलनजर, उम्र-18 वर्ष निवासी उपरोक्त, हाल निवासीगण- बस्ते (रई) पिथौरागढ़, को 24 घंटे के अन्दर गिरफ्तार कर लिया गया । अभियुक्त गणों से पूछताछ के आधार पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि आरोपी अमीरउल के मृतक ओम प्रकाश के साथ अवैध सम्बन्ध थे तथा इस बात को लेकर दोनों पति-पत्नी में अकसर लड़ाई- झगड़ा होता रहता था। अमीरउल व गुलनजर द्वारा इस मुद्दे को समाप्त करने के लिए साथ मिलकर ओमप्रकाश की हत्या की योजना बनाई गई तथा ओमप्रकाश को अपने बस्ते स्थित कमरे में बुलाकर उक्त घटना को अंजाम दिया गया। दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है ।
हत्याकांड का खुलासा करने व आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जाजरदेवल कुलदीप सिंह, उनि जसवीर सिंह चौकी प्रभारी वड्डा, उनि मनीषा सिंह, उनि प्रकाश चंद्र, प्रभारी एसओजी, उनि जावेद हसन, एसओजी, सिपाही नन्दन सिंह, राजेन्द्र सिंह, अब्दुल खालिद, संतोष कुमार, 10. महिला सिपाही अंकिता गनकोटिया, राजकुमार- एसओजी, गोविन्द रौतेला- एसओजी, संदीप चन्द-एसओजी तथा मनमोहन भण्डारी- एसओजी, शामिल रहे।

