तैयारी: प्रधानमंत्री  के केदारनाथ आगमन को लेकर हुई तैयारी

तैयारी: प्रधानमंत्री  के केदारनाथ आगमन को लेकर हुई तैयारी
Spread the love
 मुख्यमंत्री ने खुद लिया केदारनाथ धाम में तैयारियों का जायजा
 तीर्थ पुरोहितों व पंडा समाज से की सौहार्दपूर्ण बातचीत
 वीरेन्द्र बर्त्वाल ‘‘वीरेन’’
       
 रुद्रप्रयाग, 03 नवंबर। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने श्री केदारनाथ धाम पहुंच कर बाबा केदारनाथ जी के दर्शन किये। मुख्यमंत्री ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। 5 नवंबर को प्रधानमंत्री  के केदारनाथ आगमन के लिए की जा रही तैयारियों का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने तीर्थ पुरोहितों और पंडा समाज के प्रतिनिधियों से भी वार्ता की। सौहार्दपूर्ण बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जन भावनाओं का सम्मान करने वाली सरकार है। तीर्थों के पंडा, पुरोहित और पुजारियों के मान सम्मान को कोई ठेस नहीं पहुंचाई जायेगी। हम सकारात्मक, धनात्मक और विकासात्मक दृष्टिकोण से चारधाम, पंडा, पुरोहित और पुजारी समाज के सम्मान तथा धार्मिक आस्था की गरिमा के सम्मान के लिए तत्पर हैं।
     इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की बाबा केदार के प्रति विशेष आस्था और श्रद्धा है। उनका उत्तराखण्ड को दुनिया की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर विकसित करने का विजन है। पूरी दुनिया के लोग यहां आध्यात्मिक शांति के लिए आएंगे। आधुनिक इतिहास में पहली बार इतने बङे पैमाने पर केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। पहले चरण के काम हो चुके हैं। दूसरे चरण के काम शुरू हो रहे हैं। आदि गुरु शंकराचार्य  की समाधि का लोकार्पण करने के साथ ही उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा।  
     मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत,  सुबोध उनियाल, जिलाध्यक्ष  दिनेश उनियाल, पूर्व दायित्वधारी अजेन्द्र अजय, पूर्व विधायक श्रीमती आशा नौटियाल, भाजपा महामंत्री  विक्रम सिंह कण्डारी,  तीर्थ पुरोहित  श्रीनिवास पोस्ती, पूर्व जिलापंचायत सदस्य महावीर सिंह पंवार, जिलाधिकारी मनुज गोयल, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, उपजिला अधिकारी  जितेन्द्र वर्मा सहित उपस्थित थे।

Parvatanchal