वनाग्नि: विभिन्न स्थानों पर लगी जंगल की आग पर फायर सर्विस ने की त्वरित कार्रवाई

वनाग्नि: विभिन्न स्थानों पर लगी जंगल की आग पर फायर सर्विस ने की त्वरित कार्रवाई
Spread the love

अल्मोड़ा। जिले में सोमवार को विभिन्न स्थानों पर लगी जंगल की आग पर फायर सर्विस की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। कई स्थानों पर आग आवासीय क्षेत्रों और संस्थानों की ओर बढ़ रही थी, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फायर विभाग के अनुसार दोपहर 3:40 बजे भैंसोंड़ाफार्म क्षेत्र में सड़क के ऊपर और नीचे चीड़ के जंगल में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची फायर सर्विस यूनिट ने एमएफई पंपिंग और होजरील की सहायता से आग को नियंत्रित किया। पानी समाप्त होने पर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शाम 6:57 बजे विवेकानंद कृषि अनुसंधान संस्थान के पास जंगल में आग लगने और आग के तेजी से पॉली हाउस की ओर बढ़ने की सूचना मिली। फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य किया। इस दौरान आईसीएआर के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। रात 9:56 बजे पपरशैली क्षेत्र में द हिल्स पैराडाइज होटल के पास चीड़ के जंगल में लगी आग पर फायर टीम और वन कर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। एमएफई पंपिंग, होजरील और हरी टहनियों की सहायता से आग को पूरी तरह बुझाया गया। इसके बाद रात 11:09 बजे रेलाकोट मार्ग पर जंगल में आग लगने की सूचना मिली, जो आवासीय घरों की ओर बढ़ रही थी। फायर सर्विस टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझाया। घटनास्थल पर ग्रामीण भी मौजूद रहे। रात 11:57 बजे शीतलाखेत क्षेत्र में सड़क किनारे जंगल में आग लगने की सूचना पर फायर यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। आग आवासीय क्षेत्र की ओर बढ़ रही थी, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फायर विभाग ने बताया कि सभी घटनाओं में टीमों ने लगातार सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका।

जंगल की आग पर फायर सर्विस ने पाया काबू
उधर, रानीखेत संवाददाता के मुताबिक, शहर में स्थित फायर स्टेशन की टीम ने सोमवार को विभिन्न स्थानों पर लगी जंगल की आग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फायर विभाग के अनुसार दोपहर 12:55 बजे भड़गांव के पास जंगल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर फायर सर्विस टीम चौबटिया क्षेत्र पहुंची, जहां कॉलर ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा आग बुझा दी गई है। इसके बाद दोपहर 2:25 बजे चौबटिया जंगल में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की होज रील से पंपिंग करते हुए और पीट-पीटकर आग को पूरी तरह बुझाया। मौके पर वन विभाग की टीम भी मौजूद रही। दोपहर 3:14 बजे बिस्वा गांव के पास जंगल में आग लगने की सूचना पर फायर यूनिट घटनास्थल पहुंची। टीम ने मिनी हाई प्रेशर होज रील की सहायता से आबादी की ओर बढ़ रही आग को पूरी तरह बुझा दिया। शाम 6:07 बजे चौखुटिया के उदलीखान क्षेत्र में जंगल में आग लगने की सूचना मिली। फायर सर्विस टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में कॉलर ने बताया कि वन विभाग की टीम आग बुझा चुकी है और फायर वाहन की आवश्यकता नहीं है। फायर विभाग ने बताया कि सभी घटनाओं में समय रहते कार्रवाई कर आग को फैलने से रोका गया।

Parvatanchal