निर्णय: स्वाड़ी ग्राम पंचायत भी शराबबंदी मुहिम में हुई शामिल, लगाया पूर्ण प्रतिबंध

निर्णय: स्वाड़ी ग्राम पंचायत भी शराबबंदी मुहिम में हुई शामिल, लगाया पूर्ण प्रतिबंध
Spread the love

नई टिहरी।  जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत स्वाड़ी में शादी और सार्वजनिक समारोह में शराब परोसने पर प्रतिबंध लगाया गया है। ग्राम पंचायत की सार्वजनिक बैठक में निर्णय लिया गया कि पंचायत के फैसले का उल्लंघन करने वाले पर 31 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। गांव के प्रधान राकेश कुमाईं की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिलाओं ने गांव में शराब का प्रचलन बढ़ने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गांव में विवाह समारोह की मेंहदी रस्म, मुंडन, जन्म दिन, शादी की सालगिरह और रिटायरमेंट आदि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शराब पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। गांव की महिलाओं ने कहा कि शराब को बंद करने में ही समाज का हित है। प्रधान ने कहा कि ग्राम समाज को दूषित होने से बचाने के लिए गांव के सभी लोगों को ग्राम पंचायत के फैसले का सम्मान करना चाहिए। बैठक में तय किया गया कि पंचायत के फैसले का उल्लंघन करने पर संबंधित पर 31 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। बैठक में ग्राम सुधार समिति का भी गठन किया गया जिसमें सुशीला देवी को अध्यक्ष और सुषमा देवी को सचिव बनाया गया है जबकि बबीता देवी कोषाध्यक्ष, कमोली देवी, मीना देवी, उर्मिला देवी, मधुबाला देवी, संगीता देवी, लक्ष्मी देवी को समिति का सदस्य बनाया गया है। बैठक में भगवान सिंह कुमाईं, प्यारचंद सिंह कुमाईं, मोहनचंद सिंह कुमाईं, उम्मेद सिंह कुमाईं और भीमचंद सिंह कुमाईं आदि मौजूद थे।

Parvatanchal