कोरोना संकट: 14 सितंबर तक और बढ़ाई गई कोविड कर्फ्यू की मियाद, एसओपी जारी

कोरोना संकट: 14 सितंबर तक और बढ़ाई गई कोविड कर्फ्यू की मियाद, एसओपी जारी
Spread the love

 

संवाददाता
देहरादून, 06 सितंबर। उत्तराखण्ड सरकार कोरोना संक्रमण के मामलों में आ रही गिरावट के बावजूद अभी कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है। ऐसे हालात में सरकार ने राज्य में एक बार फिर कोविड कर्फ्यू को एक सप्ताह के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया है। सोमवार को देहरादून में आयोजित हुई उच्च स्तरीय बैठक में कोविड कर्फ्यू को अभी और जारी रखने का निर्णय लिया गया। इस बार भी कर्फ्यू में पहले की तरह न तो कोई पाबंदी बढ़ाई गई है और न ही कोई अतिरिक्त ढील दी गई है। गौरतलब है कि वर्तमान में लागू कोविड कर्फ्यू की मियाद कल यानी मंगलवार सुबह 6 बजे खत्म हो रही है लेकिन सरकार ने इसे और आगे बढ़ाकर 14 सितंबर तक लागू कर दिया है। कर्फ्यू के दौरान सभी प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। बाजार सप्ताह में छह दिन खुल रहे हैं तो शापिंग माल, मल्टीप्लेक्स, सिनेमाहाल आदि 50 फीसद क्षमता के साथ खुल रहे हैं। इसके साथ ही सरकार ने शिक्षण व तकनीकी संस्थानों को खोलने की अनुमति भी दी हुई है। सरकारी, गैर सरकारी कार्यालय, उद्योग आदि पूरी क्षमता के साथ खुल रहे हैं। प्रदेश में आवागमन सुचारू हो चुका है। नई एसओपी में अन्य प्रदेशों से आने वाले उन व्यक्तियों को कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता से छूट दी गई है, जिन्होंने आगमन से 15 दिन पहले वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली हों। केवल ऐसे आगंतुकों, जिनके पास कोविड वैक्सीनेशन का प्रमाणपत्र नहीं है, उनके लिए कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य किया गया है।

Parvatanchal