ब्रेकिंग न्यूज़: दुर्घटनाग्रस्त हैलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स मिला, हादसे के कारणों का हो सकेगा खुलासा

ब्रेकिंग न्यूज़: दुर्घटनाग्रस्त हैलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स  मिला, हादसे के कारणों का हो सकेगा खुलासा
Spread the love

संवाददाता

नयी दिल्ली, 09 दिसंबर। तमिलनाडु के कुन्नूर में वायुसेना के हेलिकॉप्टर Mi-17 के दुर्घटनाग्रस्त होने तथा सीडीएस बिपिन सिंह रावत समेत 13 सैन्य ऑफिशियल मारे जाने के बाद से जहां पूरा देश गमगीन है वहीं इस हादसे को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किस वजह से ये हादसा हुआ है. लेकिन, अब इस हादसे की वजह सामने आ सकती है. एबीपी न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, घटनास्थल से ब्लैक बॉक्स बरामद हो गया है. बुधवार को हेलिकॉप्टर क्रैश होने की वजह से देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत 13 लोगों की मौत हो गई है. इस पर कुल 14 लोग सवार थे.
समाचार रिपोर्ट में कहा गया है कि वायुसेना अध्यक्ष वी.आर. चौधरी ने तमिलनाडु के डीजीपी सी. शैलेन्द्र बाबू के साथ कुन्नूर में घटनास्थल का गुरुवार की सुबह मुआयना किया. इधर, हेलिकॉप्टर हादसे में सीडीएस बिपिन रावत की मौत पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संसद के दोनों सदनों में बयान देंगे. बिपिन रावत को इस वक्त वेलिंग्टन में श्रद्धांजलि दी जा रही है. बिपिन रावत समेत सभी 13 पार्थिव शरीर आज दिल्ली लाए जाएंगे. जनरल रावत का शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अंतिम संस्कार किया जाएगा.

रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई मुख्यमंत्रियों समेत विभिन्न दलों के तमाम राजनेताओं ने जनरल रावत के निधन पर शोक व्यक्त किया और एक उत्कृष्ट सैनिक के तौर पर उनकी सराहना की. प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट कर कहा, ”जनरल रावत एक उत्कृष्ट सैनिक थे. एक सच्चे देशभक्त के रूप में उन्होंने सुरक्षा तंत्र और हमारे सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण में बहुत बड़ा योगदान दिया. रणनीतिक मामलों में उनकी दूरदृष्टि असाधारण थी. उनके निधन ने मुझे गहरा सदमा पहुंचाया है. ओम शांति.” प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली रक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) को दुर्घटना के बारे में जानकारी दी गई और मंत्रिमंडल के शीर्ष सदस्यों ने जनरल रावत के निधन पर शोक व्यक्त किया.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि उनका असामयिक निधन सशस्त्र बलों और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है. भारतीय वायु सेना ने कहा कि जनरल रावत, उनकी पत्नी मधुलिका और हेलिकॉप्टर में सवार 11 अन्य लोगों की बुधवार को तमिलनाडु में कुन्नूर के पास एक दुर्घटना में मौत हो गई. राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, “तमिलनाडु में एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हेलिकॉप्टर दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के 11 अन्य कर्मियों के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ.”

बुधवार को पूरे देश में इसी को लेकर हलचल रही. इसी बीच अब इस घटना में साजिश का भी शक जताया जा रहा है. पूर्व ब्रिगेडियर सुधीर सावंत ने हेलिकॉप्टर क्रैश मामले में साजिश का शक जताया है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह हादसा नहीं साजिश है. LTT के स्लीपर सेल इसके पीछे हो सकते हैं क्योंकि जहां हादसा हुआ है वह LTT का ही इलाका है. पूर्व ब्रिगेडियर सुधीर सावंत ने घटना की NIA से जांच कराने की मांग की है.

हादसे के तुरंत बाद ही वायुसेना ने जांच का आदेश दे दिया था. अब वायुसेना अपने स्तर पर हादसे के कारणों का पता लगा रही है. हालांकि, यह हादसा कैसे हुआ और इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है, इसे लेकर अभी तक वायुसेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. बता दें कि जब हादसा हुआ तब जनरल बिपिन रावत वेलिंगटन (नीलगिरी पहाड़ी) स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टॉफ कॉलेज (डीएसएससी) जा रहे थे, जहां उन्हें शिक्षकों और छात्रों को संबोधित करना था.

जनरल बिपिन रावत दुर्घटनाग्रस्त हुए वायुसेना के एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर में सवार थे. उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं. वायुसेना की तरफ से बताया गया कि इस दुर्घटना में डीएसएससी के डायरेक्टिंग स्टाफ ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह एससी घायल हैं और फिलहाल सैन्य अस्पताल, वेलिंगटन में उनका उपचार चल रहा है. वायुसेना ने ट्वीट कर बताया, “बहुत ही अफसोस के साथ इसकी पुष्टि हुई है कि दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हेलिकॉप्टर सवार जनरल बिपिन रावत, मधुलिका रावत और 11 अन्य की मृत्यु हो गई है.”

Parvatanchal