हिम्मत: जंगल में हमलावर भालू से भिड़ंत में घायल हुई महिला, अस्पताल में भर्ती
देहरादून। जौनसार बावर के खरोडा गांव की चारा पत्ती लेने जंगल में गयी एक महिला (उम्र 45 वर्ष) पर भालू ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चकराता क्षेत्र के खरोडा गांव की 45 साल की एक महिला अपने पशुओं के लिए चारा पत्ती लेने छानीधार क्षेत्र में गई थी। तभी अचानक झाड़ियों से निकले भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू के हमले से महिला पहले तो एकदम घबरा गई। फिर हिम्मत करके उस पर दरांती से वार करने लगी। इसी भिड़ंत में वह अचेत होकर गिर गई। इसके बाद भालू भी वहां से भाग गया। घटना के बाद ग्रामीण महिला को हॉस्पिटल ले गए, जहां महिला का उपचार चल रहा है। फकीरी देवी खरोडा गांव की रहने वाली है। पति के निधन के बाद अपने बच्चों के पालन पोषण के लिए खेती बाड़ी और पशुपालन का कार्य करती है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग द्वारा तत्काल पीड़ित को मुआवजा देना चाहिए. साथ ही भालू के आतंक से ग्रामीणों को निजात देने के लिए प्रयास करना चाहिए।

