शिकंजा: साढ़े चार लाख की स्मैक के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा नशा तस्कर
कोटद्वार। कोटद्वार पुलिस ने लगभग साढ़े चार लाख की कीमत की 15.40 ग्राम स्मैक के साथ एक हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। बुधवार को पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के अंतर्गत व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्यवाही करने के निर्देश के क्रम में कोटद्वार पुलिस एवं सीआइयू टीम मंगलवार को बीईएल रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस टीम को बीईएल रोड़ स्थित शंकर डेयरी के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान युवक से लगभग साढ़े चार लाख रुपये मूल्य की 15.40 ग्राम स्मैक बरामद की। आरोपी की पहचान रोहित जोशी, पुत्र स्वर्गीय हीरा वल्लभ जोशी, निवासी- मानपुर कोटद्वार के तौर पर हुई। आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारशुदा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं भी स्मैक सेवन करने का आदी है और इस बार वह स्मैक को बरेली (उत्तर प्रदेश) से लाकर कोटद्वार क्षेत्र में छात्रों और फैक्ट्री कर्मियों को बेचने की फिराक में था।

