धोखाधड़ी : ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर ठग लिए नौ लाख रुपये, पुलिस ने किया मामला दर्ज़

धोखाधड़ी : ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर ठग लिए नौ लाख रुपये, पुलिस ने किया मामला दर्ज़
Spread the love

रुद्रपुर। साइबर ठगों ने किशनपुर निवासी एक व्यक्ति को ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर नौ लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संजीव कुमार मिश्र पुत्र जय सुंदर मिश्र निवासी निकट सेंट पीटर्स स्कूल किशनपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर कुछ व्यक्तियों के समूहों ने उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने उन्हें ऑनलाइन निवेश कर आय प्राप्ति का प्रलोभन दिया। उनके कहने पर उन्होंने शुरुआत में छोटी राशि का निवेश किया। इसके बाद आरोपियों ने अधिक लाभ का लालच देकर उनसे बड़ी रकम निवेश करने को कहा। इस पर उन्होंने अलग-अलग तिथियों में यूपीआई और बैंक खातों के माध्यम से कुल 09 लाख 2298 रुपये भेज दिए। धनराशि भेजने के बाद जब उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की तो सभी आरोपी लापता हो गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी का झांसा देकर युवती से 4.5 लाख रुपये ठगे

ठगी का एक और मामला किच्छा में सामने आया है, जिसमें शादीशुदा युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर उससे 4.5 लाख रुपये ठग लिए। जब युवती ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मोबाइल फोन बंद कर लिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। बलवंत कॉलोनी, किच्छा निवासी जगजीत कौर पुत्री महेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कश्मीर सांगवान उर्फ केशव पुत्र भगवान सिंह सांगवान निवासी ग्राम चंदेनी, चरखी दादरी (हरियाणा) ने शादी का झांसा देकर उससे 4.5 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि जब उसने रुपये लौटाने की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगा। सख्ती करने पर उसने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। जानकारी करने पर पता चला कि युवक शादीशुदा है और पहले भी कई लड़कियों के साथ धोखाधड़ी कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Parvatanchal