सुनवाई: तहसील दिवस पर लोगों ने बताईं अपनी समस्याएं; डीएम ने निस्तारण करने के दिए निर्देश
नई टिहरी। तहसील सभागार देवप्रयाग में टिहरी डीएम नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में तहसील दिवस में आम लोगों की 63 शिकायतें सामने आईं। डीएम ने सभी अधिकारियों को समस्याओं का निस्तारण तय समय के भीतर करने को निर्देशित किया। तहसील दिवस में डीएम ने नितिका ने तहसीलदार को सभी शिकायतों को जन समर्पण पोर्टल पर ऑनलाइन करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर राज्य आंदोलनकारी विनोद टोडरिया ने शिकायत की, कि मुनेठ कर्णा देवी बदर गांव मोटर मार्ग के आपदा से काफी समय से बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। जिस पर डीएम ने ईई लोनिवि का स्पष्टीकरण तलब करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिये। ग्राम बमाण देवप्रयाग की लक्ष्मी देवी ने बताया कि उसके दो नाती व पौते हैं, जिनके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है और उनकी उम्र भी 65 वर्ष हो गई है। जिसके कारण अनाथ बच्चों के भरण पोषण में दिक्कत हो रही है। जिस पर डीएम ने डीपीओ व बीडीओ देवप्रयाग को त्वरित संज्ञान लेते हुए बच्चों को डीएम विवेकाधीन फंड से कवर करने को निर्देशित किया। जिला पंचायत सदस्य गोर्तीकाण्डा पुष्पा रावत ने न्याय पंचायत दोबारी में पांच दिन से पानी न आने की शिकायत करते हुए फूंके हुये एटीएस को ठीक करवाने की मांग की। जिस पर डीएम ने सम्बंधित विभाग को पेयजल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के साथ ही एटीएस को ठीक करने को कहा। वार्ड एक के पार्षद राहुल कोटियाल ने तहसील के समीप वन भूमि पर अवैध कब्जा की शिकायत की। जिस पर डीएफओ व एसडीएम को जांच कर कार्यवाही को निर्देशित किया। जोग्याणा वनगढ़ के पूर्णानंद रतूड़ी ने शिकायत कर बताया कि लोनिवि कीर्तिनगर ने जोग्याणा बैंड से चामल गांव तक सड़क निर्माण से फलदार वृक्ष, होज गुल, खेतों के नुकसान का मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। जिस पर सम्बंधित विभागों को सर्वे कर मुआवजा देने की कार्यवाही करने को कहा। देवप्रयाग जन अधिकार मोर्चा के संस्थापक गणेश भट्ट ने देवप्रयाग, कीर्तिनगर, हिंडोलाखाल थानों द्वारा किए जा रहे बाहरी राज्यों के लोगों के सत्यापन की डिजिटल प्रति ग्राम प्रधानों को उपलब्ध कराने तथा भल्ले गांव बाजार में आधार कार्ड से संबंधित दो दिवसीय कैंप लगाने मांग की। जिस पर सीओ नरेंद्रनगर और ईडीएम को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष देवप्रयाग ममता देवी, डीडीओ मोहम्मद असलम, एसडीएम देवप्रयाग नीलू चावला आदि मौजूद रहे।

